बरेली: सप्ताह भर चलेगी शीतलहर, कोहरे से गिरेगा तापमान
बरेली, अमृत विचार। साल के दूसरे दिन सोमवार भी ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। न्यूनतम तापमान में परिवर्तन नहीं हुआ, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री की गिरावट के साथ 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: परिवहन निगम की 81 बसों की उम्र पूरी, रूटों से हटाया
पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि अभी ठंड और कोहरे का कहर जारी रहेगा। सप्ताह भर अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट रहेगी, जिससे औसतन 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आस-पास रहने के आसार हैं। इस दौरान घने कोहरे व धुंध के साथ ही शीतलहर चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।
सब्जियों को पाले से बचाने के लिए जारी किया अलर्ट
शीतलहर का प्रकोप जारी रहा तो सब्जी की फसलों में भारी नुकसान होने का अंदेशा है। जिला उद्यान विभाग पुनीत पाठक ने बताया कि इस समय जिले में मटर, गाजर और मूली की फसलें खेतों में सर्वाधिक हुई हैं। इनमें ज्यादा नुकसान की आशंका है। किसान घुलनशील गंधक का दो ग्राम प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें। इसके साथ ही फसलों में हल्की सिंचाई कर देनी चाहिए, जिससे तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गिरेगा और फसलों को पाले से होने वाले नुकसान से बचाएगा। रात के समय सब्जियों के पौधों को प्लास्टिक की पन्नियों से ढक दें।
चार दिनों का पूर्वानुमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
3 जनवरी 14 7 डिग्री
4 जनवरी 14 7 डिग्री
5 जनवरी 16 7 डिग्री
6 जनवरी 16 7 डिग्री
ये भी पढ़ें- बरेली: भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे जिले के कांग्रेसी
