छत्तीसगढ़: जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोरबा। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के अंतरगत गौरा गांव में जंगली हाथी के हमले में बरातो बाई (62) की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, वन विभाग को जानकारी मिली है कि बरातो बाई बृहस्पतिवार तड़के किसी काम से घर से बाहर निकली थी, तभी उसका सामना जंगली हाथी से हो गया और हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला।

ये भी पढ़ें - छत्तीसगढ़: मशहूर चित्रकार श्रवण कुमार ने प्रधानमंत्री को भेंट की तैलचित्र, मोदी ने शेयर की तस्वीर

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों का दल गांव पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों के अनुसार, पिछले चार दिनों से लगभग 35 हाथियों का दल प्रतापपुर वन ​परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। उन्होंने कहा, “क्षेत्र में ठंड के मौसम में कोहरा छाए रहने की वजह से गन्ने के खेत में हाथी दिखाई नहीं देते। बरातो बाई भी हाथी का अंदाजा नहीं लगा पाई और खेत की ओर चली गई।”

अधिकारियों के मुताबिक, गांव में मुनादी कर और बैठक लेकर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि मृत ​महिला के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी गई है, जबकि शेष 5.75 लाख रुपये सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें - छत्तीसगढ: सुकमा में तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, अगवा दो अन्य ग्रामीणों को छोड़ा