कानपुर में डीसीपी यातायात तेज स्वरूप सिंह बोले- हादसे रोकने को चिह्नित किये जाएंगे ब्लैक स्पॉट

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

कानपुर में अमृत विचार की टीम ने डीसीपी यातायात से बातचीत की।

कानपुर में डीसीपी यातायात तेज स्वरूप सिंह ने अमृत विचार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हादसे रोकने को चिह्नित ब्लैक स्पॉट किये जाएंगे। साथ ही कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में स्टंटबाजी के आए दिन वीडियो वायरल हो रहे हैं। सड़क हादसों में एक साल में छह सौ से अधिक लोगों की कानपुर में मौत हो चुकी है। टेंपो और ई रिक्शा की अराजकता से हर कोई परेशान है। शहर में लगने वाले जाम की प्रमुख वजह अतिक्रमण और टेंपो व ई रिक्शा की अराजकता है। हादसे रोकने के क्या उपाय किए जा रहे हैं, ई रिक्शा, टेंपो की अराजकता कब रुकेगी, अतिक्रमण का स्थायी रूप से समाधान कब होगा आदि मुद्दों पर अमृत विचार संवाददाता गौरव श्रीवास्तव ने डीसीपी यातायात तेज स्वरूप सिंह से बात की। 

शहर में यातायात जाम की समस्या का समाधान कब होगा ? 

- जाम की समस्या के समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना बना रहे हैं। टाटमिल, घंटाघर, जरीब चौकी समेत शहर के कुछ प्रमुख चौराहों पर फ्लाईओवर बनाने की जरूरत है। लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने को रामादेवी, टाटमिल, अफीम कोठी चौराहे पर अभियान चलाया रहा है। जरीब चौकी, गुमटी, फजलगंज और विजय नगर में भी अभियान चलेगा। 

चौराहों पर तैनात यातायात निरीक्षक व सिपाही अपना काम क्यों नहीं कर रहे हैं ?

- जानकारी मिली है, टीएसआई और यातायात सिपाही चौराहों पर किनारे बैठ जाते हैं, और होमगार्ड के सहारे सारे यातायात छोड़ देते हैं। होमगार्ड मोबाइल लेकर मनमानी कर रहे हैं। उन्हें ऑनालाइन चालान करने का अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों को चिह्नित करेंगे। जिले में हर वर्ष 84 हजार नए वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो रहा है। ट्रैफिक संचालन के लिए 1000 होमगार्ड हैं, हां सिपाहियों की कमी जरूर है, जिसे जल्द दूर किया जाएगा।  
 

जाम की वजह बन रही ई रिक्शा की अराजकता पर कब लगाम लगेगी ? 

- जिले में कुल 28 हजार ई-रिक्शों का रजिस्ट्रेशन है। बिना रजिस्ट्रेशन के भी ई रिक्शा चल रहे हैं। जाम न लगे इसके ई रिक्शा का रूट निर्धारित करने की तैयारी है। कार्ययोजना बनाई जा रही है। कुछ रूटों पर ई-रिक्शों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा। ऐसे रूटों की सूची भी बना रहे हैं। 

 ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे तो बंद पड़े हैं ?

- मेट्रो ट्रैक के निर्माण के चलते कुछ ट्रैफिक सिग्नल और कैमरे खराब पड़े हैं। नगर निगम प्रशासन को इसे ठीक कराने के लिए पत्र लिखा गया है। पिछली बैठक में भी इन मुद्दों पर बात की गई थी, उस पर कितना अमल हुआ, इसकी समीक्षा की जाएगी।  

 स्टंटबाज हादसे कर रहे हैं और कार्रवाई कुछ नहीं हो रही है ? 

- वीआईपी रोड, स्वरूप नगर और गंगा बैराज पर स्टंटबाजों की जानकारी मिली है। ऐसे लोगों को दंडित किया जाएगा।

 अतिक्रमण की समस्या कब खत्म होगी ? 

- अतिक्रमण को साफ करने के लिए नगर निगम और थाना पुलिस अभियान चलाती है। इसके स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना बन रही है। जो लोग हटाने के बाद भी अतिक्रमण करेंगे उन पर कठोर कार्रवाई होगी। 

ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने की क्या योजना है ?  

- हादसों का प्रमुख कारण अवैध कट और ब्लैक स्पॉट हैं। अवैध कट बंद करने के लिए एसीपी व थानाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। पूर्व में भी इसके लिए आदेशित किया गया था। पूर्व में दिए गए आदेश का पालन कितना हुआ इसकी जानकारी की जाएगी।

हेलमेट का उपयोग कम हो रहा है ?  

- एक स्लोगन हर जगह लिखा होता है, धीरे चलिए घर पर आपका कोई इंतजार कर रहा है। इस बात को ही लोग समझ जाएं, तो हादसों में अपने आप कमी आ जाएगी। पिछले वर्ष सड़क हादसों में 600 लोगों की जान चली गई। इनमें से ज्यादातर लोग हेलमेट नहीं लगाए थे। हेड इंजरी से उनकी मौत की पुष्टि हुई है। शहर के लोग जरूर से जरूर आईएसआई मार्क हेलमेट का उपयोग करें। जागरूकता के साथ चालान भी तेज किया जाएगा। 

 ओवरलोडिंग कैसे रोकेंगे ?  

- घाटमपुर सर्किल में सबसे ज्यादा ओवरलोडिंग की शिकायत मिली है। आरटीओ को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। रोड सिंगल होने के कारण चेकिंग करने में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इसे रोकने के लिए आरटीओ के साथ बैठक करेंगे।

संबंधित समाचार