Mahoba Accident : ट्रक मस्जिद के गेट से टकराया, दो युवक व 40 भैंसों की मौत
Mahoba Accident महोबा में हादसे में दो की मौत।
Mahoba Accident महोबा के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र में भैंसों से लदा ट्रक मस्जिद के गेट से टकरा गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 भैंसों की भी मौत हुई।
महोबा, अमृत विचार। Mahoba Accident झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सुगिरा में सोमवार को तड़के सुबह भैंसों से लदा ट्रक मस्जिद के गेट से टकरा गया, जिससे ट्रक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई साथ ही 40 भैंसों ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक भैंस व्यापारी गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मस्जिद के बगल में बनी एक दुकान और एक ग्रामीण का मकान भी चपेट में आकर गिर गया। एसडीएम और सीओ कुलपहाड़ की देखरेख में सात घंटे तक चले रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद ट्रक के अंदर फंसे चालक समेत दो लोगों को गैस कटर से ट्रक की केबिन काटकर बाहर निकालकर सीएचसी कुलपहाड़ ले जाया गया जहां से दोनो को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय ट्रक चालक राजेश पटेल ने दम तोड़ दिया।
सुबह पांच बजे महोबा की तरफ से पनवाड़ी की तरफ जा रहा 50 भैंसों से लदा ट्रक हाईवे में सुगिरा गांव के पास चालक को झपकी आ जाने से ट्रक मस्जिद के गेट में जा घुसा, जिससे मस्जिद की बाउंड्रीवाल गिरने के साथ साथ मस्जिद के बगल में बन माधव गुप्ता की दुकान और दीपक कुशवाहा का मकान भी टूट गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि आसपास के मकान हिल गए। जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों की सूचना पर उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ और पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ सुरेशचंद्र की मौजूदगी में जेसीबी मशीनें मंगाकर ट्रक की पूरी बाड़ी को तोड़कर मरी पड़ी भैंसों के शवों को बाहर निकाला साथ ही कुछ भैंसों को सही सलामत नीचे उतारा गया। रेस्कयू आॅपरेशन ग्रामीणों और पुलिस कर्मचारियों की मदद से सात घंटे तक चलता रहा।
ट्रक में फंसे दो लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर से ट्रक को काटा गया। ट्रक काटने के बाद गंभीर रुप से घायल शाहजाद (29) पुत्र शेर खान निवासी जिला दमोह मध्यप्रदेश और चालक राजेश पटेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले जाया गया, जहां से दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
ट्रक में फंसा दूसरे युवक सार्गिद उर्फ छोटे (28) कसाई मंडी राहतगढ़ सागर की मौत हो जाने के कारण उसका शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि ट्रक चालक की रास्ते में ही मौत हो गई। उधर मृत भैंसों का भी पोस्टमार्टम कराने का भी पशु अस्पताल के डाक्टरों को सूचना दी गई। घटना स्थल पर ग्रामीणों की सारा दिन भीड़ जमा रही।
