Kanpur : शौचालय में गृहस्थी, परिसर में कट रही ठंड, ई-टॉयलेट में ताला स्वच्छता अभियान को लगा रहा पलीता

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

कानपुर के किदवई नगर में ई-टॉयलेट में ताला लगा।

कानपुर के किदवई नगर में ई-टॉयलेट में ताला लगा। इससे लोगों की शौचालय में गृहस्थी और परिसर में ठंड कट रह है। रैन बसेरों में एंट्री न मिलने से सड़कों पर बेसहारा लोगों की रातें कट रही।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में ठंड को लेकर अलर्ट जारी है। संभावना है कि तापमान जीरो डिग्री पहुंच सकता है। सर्द रातें तो जान लेने पर अमादा हैं। ऐसे में शहर में खुले आसमान के नीचे हजारों लोग जीवन बिताने को मजबूर हैं। जिसे जहां आसरा मिल रहा है खुद को महफूज कर रहा है।

किदवई नगर में ई-टायलेट में ही एक परिवार ने मजबूर होकर गृहस्थी सजा ली है। टायलेट में ताला पड़ा है और बाहर परिसर में पल्लियों के सहारे घर बनाकर परिवार रहने को मजबूर है। इसी तरह शहर में कई जगह ऐसे ही हालात हैं। जो शहर के जिम्मेदारों को नहीं दिख रहा है।

नगर विकास मंत्री के आदेश पर लगा रहे पलीता

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने ठंड को देखते हुए नगर निगम को शहर में 24  घंटे अलाव जलाने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही रैन बसेरों में पूरी व्यवस्था करने के साथ ही आस्थाई रैन बसेरे बनाने को भी कहा है। लेकिन इसके बाद भी शहर की सड़कों पर ठंड रात बिताने को लोग मजबूर हैं।

28 रैन बसेरे फिर भी नहीं सुविधा

पारा लुढ़कते ही शहर में खुले आसमान में सोने वाले लोगों की आफत आ गई है। ठंड हवाओं ने बेघर रिक्शा चालकों, रेहड़ी दुकानदारों, फुटपाथ पर सोने वालों का जीना मुहाल कर दिया है। ऐसे में नगर निगम के रैन बसेरों की लोगों को याद सताने लगी है। नगर निगम के शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में 28 रैन बसेरा हैं।

जहां बेघर लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। लेकिन मौजूदा समय में कई रैन बसेरों की बुरी हालत है। ठंड शुरू होने के बाद भी अव्यवस्थाएं चरम पर हैं। कहीं, आवारा जानवर सो रहे हैं, तो कई जगह ताले बंद हैं। कई रैन बसेरे में तो लोगों का कब्जा तक है, जिससे जरूरत मंद लोग इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। 

रैन बसेरा का नाम और क्षमता

एक्सप्रेस रोड -1 100, एक्सप्रेस रोड -2 100, बिरहाना रोड एलो.डिसपेंरी 50, सरसैय्या घाट स्थायी 50, सुतरखाना स्थायी 100, फूलबाग पुलिस चौकी के पीछे 100, नवाबगंज अस्पताल 100, ग्वालटोली मेटरनिटी सेंटर 50, भैरो घाट 50, पॉवर हाउस चौराहा राहा स्थायी 50, चिडियाघर चौराहा स्थायी 50,  जाजमऊ सामुदायिक केन्द्र स्थायी 50, सुजातगंज डंप सामुदायिक केंद्र 50, डॉ. बीएन भल्ला चिकित्सालय बाबूपुरवा 50, उस्मानपुर 100, सीसामऊ अस्पताल शेल्टर होम (रैन बसेरा) 50, चन्द्रिका देवी मेटेरनिटी सेंटर 100, लाला लाजपत राय हास्पिटल 50,  बाल भवन 50, दर्शन पुरवा मेटरनिटी सेन्टर 100, जेएएम चिकित्सालय 100, श्री रत्न शुक्ल इंटर कालेज जूही 100, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय 100, चाचा नेहरू लायन्स क्लब 50, समुदायिक केंद्र क्यू ब्लाक गोविंद नगर 50,  काकादेव सामुदायिक केंद्र 50, पनकी हनुमान मन्दिर 100, शास्त्री नगर होम्यो डिस्पेन्सरी 50, विजय नगर चौराहा 100

शहर के शौचलयों पर कब्जे

शहर को स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम पायदान पर काबिज कराने के लिए नगर निगम कागजी कार्रवाई पूरी कर रहा है। इसी के चलते कानपुर कागजों में ओडीएफ यानि खुले में शौंच मुक्त घोषित है। लेकिन घर से बाहर निकलने के बाद अगर आपको कभी शौचालय की जरूरत महसूस हुई तो आपको भटकना पड़ सकता है। महिलाओं के लिए बने शौचालयों को कई जगह पुरुष इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कई जगह तो शौचालय पर ताले लगे हैं।

शहर के प्रमुख बाजारों में तो शौचालय और पेशाबघर की बेहद कमी है। जिसके चलते आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में सार्वजनिक पेशाब घर की मरम्मत करने और प्रत्येक बाजार में कम से कम 2 पेशाब घर अनिवार्य रूप से बनाने की मांग की है। 

शौचालय पर एक नजर

532 - सामुदायिक और पब्लिक शौचालय
08 – ई- टायलट 
200 – पेशाबघर
60 – चलित शौचालय और पेशाबघर

संबंधित समाचार