फैट को बर्न करने में बेहद कारगर है कॉफी, डाइटिशियन ने बताए इसके फायदे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कॉफी ज्यादातर लोगों की पसंदीदा ड्रिंक होती है। खुद को तरोताजा और एक्टिव रखने के लिए लोग कॉफी पीना पसंद करते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो इस डर से इसका सेवन नहीं करते कि ये सेहत को नुकसान पहुंचाएगी। हालांकि लोगों के इस डर को डाइटिशियन मैक सिंह ने खारिज किया है और कॉफी के हेल्थ से जुड़े कई फायदों के बारे में भी बताया है। अगर हम आपसे कहें कि कॉफी सबसे अच्छा प्री-वर्कआउट ड्रिंक होने के साथ-साथ सबसे सस्ता फैट बर्नर प्रोडक्ट भी है तो क्या आप मानेंगे? जाहिर है आपके लिए इस बात पर भरोसा करना थोड़ा मुश्किल होगा। 

ये भी पढ़ें- आप भी अपने मोटापे से हैं परेशान, रोजाना करें ये 'प्राणायाम', वजन होगा कम

दरअसल, मैक सिंह ने हाल ही में अपने इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की और कॉफी से जुड़े फायदों के बारे में बताया, जिनके बारे में आप शायद कम जानते होंगे। उन्होंने कहा कि फैट को बर्न करने के लिए महंगी पिल्स लेने के बजाय सिर्फ एक सिप कॉफी का इस्तेमाल करना ही कारगर साबित होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मार्केट्स में मिलने वाले ज्यादातर फैट बर्नर में कैफीन पाया जाता है, जो इसके लिए एक मेन कपाउंड है। कैफीन कॉफी में भी पाया जाता है। मैक बताते हैं कि कैफीन एक प्राकृतिक पदार्थ है, जो फैट को बर्न करने में मदद करता है और आपके मेटाबोलिक रेट को 3-11 प्रतिशत तक बढ़ा देता है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर क्या ये सच है। 

वजन घटाने में कारगर कॉफी
माहीम के एस एल रहेजा हॉस्पिटल की डॉ. राजेश्वरी वी शेट्टी ने कहा कि कॉफी जीरो ग्राम फैट, चीनी और कार्बोहाइड्रेट के साथ कम कैलोरी वाला हॉट ड्रिंक है। यह हमारे मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करके वजन को घटाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि कॉफी को पीने से भूख कम लगती है। इसमें कैलोरी की मात्रा भी कम होती है।

इसमें मौजूद कैफीन रेस्टिंग मेटाबोलिक रेट को बढ़ाने का काम करती है, जिसकी वजह से वजन कम होता है। वहीं राजेश्वरी ने आगे जोर देकर कहा कि एक्सरसाइज करने से एक घंटे पहले कॉफी का सेवन आपके वर्कआउट में तेजी लाने का काम कर सकता है। ये डोपामाइन स्राव को भी प्रभावित करता है, जिससे ज्यादा कैलोरी बर्न होती है। 

कॉफी पीने से मस्तिष्क के कार्यों में होता है सुधार
बता दें मैक सिंह ने कहा कि कॉफी सिर्फ वजन कम करने का काम ही नहीं करती, बल्कि मस्तिष्क के कार्यों में सुधार लाने में भी मदद करती है। सिंह ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि कॉफी में विटामिन B2, B5, B3 जैसे जरूरी पोषक तत्व और मैंगनीज और पोटेशियम जैसे खनिज होते हैं।

ये पार्किंसंस रोग, टाइप 2 डायबिटीज़ और लिवर कैंसर सहित लिवर से जुड़ी बीमारियों से आपकी सुरक्षा करने में भी मदद कर सकता है। हालांकि कॉफी का सेवन करने वाले लोगों को यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि कॉफी में चीनी, क्रीम या बाकी नुकसानदेह चीजों को कम मात्रा में मिलाएं। इसका ज्यादा सेवन आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। 

ये भी पढ़ें- चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती को न फेंके, ये आपकी सेहत के लिए होती हैं फायदेमंद