अलविदा शरद यादव: नहीं रहे सामाजिक न्याय के योद्धा Sharad Yadav, राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Published By Himanshu Bhakuni
On

नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव (Sharad Yadav) का गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वो 75 वर्ष के थे और काफी समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शरद यादव के निधन की जानकारी उनकी बेटी सुभाषिनी यादव ने फेसबुक पेज पर दी।

शरद यादव ने जयप्रकाश नारायण से लेकर, चौधरी चरण सिंह, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के साथ भी लंबे समय तक राजनीति की। शरद यादव कुल सात बार लोकसभा सांसद चुने गए और तीन बार राज्यसभा सांसद बने। देश में आपातकाल के दौरान वो जेल भी गए थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई शख्सियतों ने शोक जताया है।

जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75-वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। शरद यादव की बेटी सुभाषिनी ने ट्विटर पर बताया, "पापा नहीं रहे।" सबसे पहले 1974 में जबलपुर (मध्य प्रदेश) से लोकसभा सांसद बनने के बाद वह 1989-1990 में केंद्रीय मंत्री रहे थे। शरद यादव ने 1999-2004 तक अटल सरकार में कई मंत्रालयों का कार्यभार संभाला।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है, उनसे मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध व मर्माहत हूं। उन्होंने लिखा, वह एक प्रखर समाजवादी नेता थे...उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है...ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है, शरद यादव जी के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने लिखा, उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में सांसद और मंत्री के रूप में बेहतरीन काम किया। वह डॉक्टर लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बाद बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक वीडियो जारी किया। वीडियो में तेजस्वी ने कहा, भाई शांतनु (शरद यादव के बेटे) से बात हुई…समाजवादी विचारधारा के सभी योद्धा उनके साथ खड़े हैं। तेजस्वी ने बताया कि हाल ही में शरद यादव से उनकी बात हुई थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, "शरद यादव जी समाजवाद के पुरोधा होने के साथ एक विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।" उन्होंने आगे लिखा, "उनके शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। देश के लिए उनका योगदान सदा याद रखा जाएगा।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, रविशंकर प्रसाद, आरजेडी नेता मीसा भारती समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। रिजिजू ने कहा, "शरद यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है...ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और परिवार के सदस्यों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर दुख जताते हुए आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर कहा, "खबर सुनकर विचलित व दुखी हूं।" उन्होंने कहा, "कभी-कभी शरद और मैं लड़ भी लेते थे लेकिन हमारी असहमति कभी कड़वाहट का कारण नहीं बनी।" लालू वर्तमान में सिंगापुर में इलाज करा रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक जताते हुए डेमोक्रेटिक आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने कहा है, "शरद एक कद्दावर नेता थे जो हमेशा गरीब व कमज़ोर लोगों के साथ खड़े रहते थे।" वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, "एक दिग्गज राजनेता व सम्मानित सहयोगी, उनकी विरासत जीवित रहेगी।"

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। दिग्गज समाजवादी नेता ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। यादव 75 वर्ष के थे। पवार ने ट्वीट किया, जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। राकांपा के प्रमुख ने कहा, उनके निधन पर उनके परिवार और अनुयायियों को संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।

संबंधित समाचार