बरेली और बदायूं में सुरेश तोमर की संपत्ति की जांच शुरू, चलेगा बुलडोजर
आईजी ने इस बाबत संबंध में दोनों जगहों के एसएसपी को दिए निर्देश, सुरेश प्रधान की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रहीं पुलिस टीमें
बरेली, अमृत विचार। कटरी के तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी हंस रायपुर निवासी सुरेश पाल सिंह तोमर प्रधान की हिस्ट्रीशीट पुलिस-प्रशासन ने खोल दी है। प्रधान की संपत्ति की जांच के लिए आईजी डा. राकेश सिंह ने बरेली और बदायूं एसएसपी को निर्देश दिए हैं। पुलिस सुरेश की अवैध संपत्ति बरेली से लेकर बदायूं तक चिन्हित करने में जुट गई है। उसकी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने के लिए पुलिस प्रशासन कागजी कार्रवाई करने में भी जुटा है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें आगरा, मुरादाबाद समेत बदायूं में दबिश दे रही हैं, जबकि, पांच टीमें बरेली में दबिश दे रही हैं। हालांकि, पुलिस अभी तक हत्याकांड में नामजद किसी भी आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।
प्रधान के पास आलीशान मकान और कारें
सुरेश प्रधान का परिवार बदायूं थाना क्षेत्र के उझानी कस्बे में केलाखेड़ा मोहल्ले में रहता है। उसका मोहल्ले में आलीशान मकान है और लक्जरी कारें भी हैं। जिनका इस्तेमाल वह लोगों के बीच धाक जमाने के लिए करता है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सुरेश ने करोड़ों की संपत्ति कैसे अर्जित की है।
सुरेश के करीबी व रिश्तेदारों पर भी नजर
पुलिस सुरेश प्रधान के करीबी और रिश्तेदारों की सूची तैयार कर रही है। मामले में इन लोगों से पूछताछ भी की जा सकती है। पुलिस का मानना है कि सुरेश के करीबी व रिश्तेदार उसकी मदद कर सकते हैं। पुलिस सुरेश तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
इनाम घोषित करने की भी तैयारी
मुख्य आरोपी सुरेश प्रधान को पुलिस की आठ टीमें अभी तक नहीं तलाश सकी हैं। हालांकि टीमें लगातार चार जिलों में दबिश दे रही हैं। अब पुलिस उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि एक से दो दिन के अंदर पुलिस उस पर इनाम घोषित कर देगी।
हथियारों का शौकीन है सुरेश
सुरेश प्रधान हथियारों का शौकीन है। बताते हैं कि उसके परिवार के सदस्य व करीबियों के पास करीब दर्जन भर लाइसेंसी हथियार हैं, जिनके बल पर वह क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ। खास बात यह है कि वह आए दिन सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करता था। इसके अलावा मुकदमे में उसके साथ नामजद भतीजे अजीत फोटो भी हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। किसी फोटो में वह असलहा के साथ है तो किसी में वह फायरिंग करते नजर आ रहा है। वहीं, चाचा व भतीजे के फोटो हथियार के साथ घोड़े पर बैठे वायरल हो रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन पर भी सवाल
सुरेश प्रधान के खिलाफ हत्या और गैंगस्टर जैसे तीन दर्जन से ज्यादा संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सवाल यह है कि उसके परिवार के लोगों को शस्त्र लाइसेंस कैसे मिल गए। क्या लाइसेंस जारी किए जाने से पहले सत्यापन नहीं कराया गया। पुलिस-प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि इसे लेकर आईजी डा. राकेश सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई कराने को भी कहा है।
करीबी के घर रूककर प्रधान करा रहा इलाज
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रधान के हाथ और सीने में किसी धारदार हथियार से वार किए गए थे। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। ऐसे में वह किसी अस्पताल में इलाज न कराकर किसी बेहद करीबी के घर रूककर इलाज करा रहा है। पुलिस उसके करीबियों के ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।
प्रधान अपनी परछाई पर भी नहीं करता भरोसा
पुलिस के अनुसार सुरेश प्रधान इतना शातिर किस्म का है कि वह अपने परछाई पर भी भरोसा नहीं करता है। ऐसे में वह मौजूदा समय में किस जगह रूककर अपना इलाज करा रहा है। इस बात की भनक उसके परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं है। जिस कारण उसे गिरफ्तार करना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं।
मुख्य आरोपी सुरेश प्रधान बहुत ही शातिर अपराधी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ टीमें चार जनपदों में दबिश दे रही हैं। आरोपी के अवैध संपत्ति को चिन्हित करने के लिए एसएसपी को निर्देश दिए हैं। जल्द ही उसके आलीशान मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा-डा. राकेश सिंह, आईजी बरेली जोन।
ये भी पढ़ें-
