Unnao Accident : पिता-पुत्र, मां-बेटी व दो अन्य शव गांव पहुंचते ही मची चीत्कार, करूण कंद्रन देख हर आंख हुई नम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Unnao Accident उन्नाव में छह की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।

Unnao Accident लखनऊ-कानपुर हाइवे स्थित अचलगंज थाना क्षेत्र में डंपर की टक्कर से छह लोगों की मौत हो गई थी। सोमवार सुबह छह शवों के गांव पहुंचते ही हर तरफ चीख-पुकार मच गई।

उन्नाव, अमृत विचार। Unnao Accident लखनऊ-कानपुर हाइवे स्थित अचलगंज थानांतर्गत आजाद मार्ग चौराहा पर रविवार रात डंपर ने छह लोगों को रौंद दिया था। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों व आमजन ने आक्रोशित होकर रोड जाम कर हंगामा शुरू किया। हंगामा कर रहे लोगों को हटाने से नाराज परिजनों ने पुलिस से हाथापाई भी की थी।

इसके बाद पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। जिला प्रशासन ने शवों का रात में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिये थे। इसके बाद सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के सभी शवों का अंतिम संस्कार कराया गया। एहतियात के तौर पर हादसे में मृतकों के गांव में भारी फोर्स व पीएससी तैनात की गई है। 

सड़क हादसे में गांव सुपासी निवासी छोटेलाल, जालिम खेड़ा निवासी मां-बेटी शकुंतला व शिवानी के अलावा अपनी भतीजी का तिलक चढ़ाने कानपुर जा रहे झौहा निवासी विमलेश, उनका बेटा शिवांग व दामाद पूरन दीक्षित निवासी नवाबगंज की मौके पर मौत हो गई थी।

डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर सभी शवों का रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिये गए। जालिम खेड़ा निवासी मां-बेटी के शव जब गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। मुआवजा न मिलने से परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। जिससे प्रसाशन के हाथ-पांव फूल गए।

आनन-फानन एएसपी शशि शेखर सिंह व एसडीएम नुपर गोयल गांव पहुंचे और परिजनों को मनाते रहे। करीब एक घंटे बाद परिजन माने और शवों का जाजमऊ के चंदन घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं सुपासी निवासी छोटेलाल का बंदी पुरवा घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। 

उधर, अचलगंज के झौहा निवासी विमलेश, उनके बेटे शिवांग के शव सुबह करीब 11 बजे गांव पहुंचे। पिता-पुत्र के शव एक साथ पहुंचे तो गांव में कोहराम मच गया। गांव में कोई बवाल न हो इसके लिए कई थानों का फोर्स व पीएससी के अलावा राजस्व विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। दोनों शवों का कोलुहागाड़ा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

संबंधित समाचार