दिल्ली पुलिस का महिला पुलिस बैंड गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार हुआ शामिल 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस का महिला पाइप बैंड गुरुवार को पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुआ। ये महिला पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस के बैंड का हिस्सा थीं। पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस के बैंड ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। 

उन्होंने ‘दिल्ली पुलिस का गीत’ की धुन बजाई। सहायक पुलिस आयुक्त और भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी श्वेता के. सुगथन ने इस साल परेड में मार्च करने वाली दिल्ली पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व किया। इस बार टुकड़ी में एक राजपत्रित अधिकारी, तीन पुलिस उप निरीक्षक, 44 हेड कांस्टेबल और 100 कांस्टेबल शामिल थे। सभी ने लाल रंग का साफा बांध रखा था। दिल्ली पुलिस की इस टुकड़ी के सभी सदस्य छह फुट से अधिक लंबे हैं।

इसके अलावा राजपथ का नाम कर्तव्य पथ होने के बाद हुई पहली गणतंत्र दिवस परेड में बीएसएफ के ऊंट दस्ते में पहली बार महिलाएं शामिल हुईं। गणतंत्र दिवस पर पहली बार मिस्र का कोई नेता मुख्य अतिथि बना और पहली बार स्वदेश निर्मित गन से सलामी दी गई। नेवी का आईएल-38 विमान पहली व आखिरी बार इस परेड में शामिल हुआ।

वहीं, मिस्र की सैन्य टुकड़ी ने गुरुवार को पहली बार भारत के 74वें गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर मार्च किया। कर्नल महमूद मोहम्मद अब्देल फतह अल खारसावी के नेतृत्व में 144 सैनिकों ने मार्च में हिस्सा लिया। दरअसल, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी पहली बार मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए हैं।

ये भी पढ़ें- 26 जनवरी: गणतंत्र दिवस पर मिस्र के राष्ट्रपति ने देखी परेड, जानिए इससे पहले कौन-कौन रहे मुख्य अतिथि?

संबंधित समाचार