कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने किया खेल, R15 बाइक को दिखा दी पल्सर, गंगा बैराज पर स्टंटबाजी का Video हुआ था Viral
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्टंटबाजी के वीडियो वायरल में किया खेल।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्टंटबाजी के वीडियो वायरल में खेल किया। अधिकारियों के दबाव में आकर पुलिस ने आर15 बाइक को पल्सर बाइक दिखा दी।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस इन दिनों लगातार चर्चा में आ रही है। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी थी। इस दौरान गंगा बैराज पर बाइक सवार स्टंटबाज ने खुलेआम स्टंट कर पुलिस को चुनौती दी। हालांकि पुलिस ने जाजमऊ से एक स्टंटबाज को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे तो भेज दिया। लेकिन अधिकारियों के दबाव में आकर पुलिस ने खुलासे के दौरान बाइक दूसरी दिखा दी। जो चर्चा का विषय बनी है।
गंगा बैराज पर स्टंटबाजी के कारण पहले भी कई बेकसूर लोगों की जान जा चुकी है। बावूजद इसके स्टंटबाजी की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर गंगा बैराज में नवाबगंज और कोहना थाने की चौकियों के बीच कई बाइक सवार तिरंगा लगाकर स्टंट कर रहे थे। इतना ही नहीं, बैराज में मौजूद लोग स्टंटबाज का वीडियो बनाते रहे।
इसके बाद देर शाम वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी हरकत में आए। बिना नंबर की आर15 बाइक से स्टंट करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने वीडियो के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। स्टंटबाज की पहचान जाजमऊ के बाजपेई नगर निवासी मो. तारिक के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी बाइक को भी सीज कर दिया।
ऐसे पुलिस ने किया खेल
देर शाम वीडियो वायरल होने के बाद जब अधिकारियों ने नवाबगंज थाना प्रभारी को फटकार लगाई। तब थानेदार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन वायरल वीडियो में बिना नंबर की आर15 बाइक से युवक स्टंट कर रहा था। लेकिन पुलिस ने अधिकारियों के दबाव के चलते पल्सर बाइक दिखा दी। जिसका नंबर यूपी-32 एलडी-7645 पल्सर-125 सीसी है। अब सवाल उठता है कि आरोपी की बिना नंबर की बाइक कहां गई। क्या पुलिस की इसमें मिलीभगत है।
सीमा विवाद के चलते उलझी रही पुलिस
गंगा बैराज दो थानों की सीमा में आता है। इसके चलते कोहना और नवाबगंज थाने की पुलिस कार्रवाई करने की बजाए एक-दूसरे के थाना क्षेत्र का मामला होने की बात कहकर पल्ला झाड़ती रही। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड की फटकार के बाद नवाबगंज पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
