रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए NDA की प्रत्याशी होंगी सुनीता चौधरी, 4 फरवरी को करेंगी नामांकन
रांची। झारखंड में रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव-2023 के लिए आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में 2 फरवरी को हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में सुनीता चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है तथा 4 फरवरी को वह अपना नामांकन करेंगी।
यह भी पढ़ें- Congress ने लोकसभा सांसद परनीत कौर को पार्टी से किया निलंबित, लगाया ये आरोप
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत एवं अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के प्रदेश अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा ने रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के प्रदेश अध्यक्ष डोमन सिंह मुण्डा, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डाॅ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
डॉ. भगत ने कहा कि एनडीए पूरे दमखम से रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव लड़ेगी। रामगढ़ की जनता ने तीन साल से व्याप्त झूठ, लूट और भ्रष्टाचार के शासन के खिलाफ वोट करने का मन बना लिया है। डॉ. भगत ने कहा कि सरकार संविधान और संवैधानिक प्रक्रियाओं से चलती है। लेकिन झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने संविधान की मूल भावना और संवैधानिक प्रक्रियाओं से हट कर अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों को छिपाने के लिए झारखंडी जनभावना के साथ छल किया।
कहा कि जोहार यात्रा सरकारी पैसों का दुरुपयोग कर जनता को मूर्ख बनाने का कार्यक्रम है। ईमानदार राजनीति के अभाव का परिणाम है कि आज नियोजन नीति, स्थानीयता और अन्य विधेयक कानूनी चुनौतियों में झूल रहा है। श्री मुंडा ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2024 की पटकथा लिखेगा।
यह भी पढ़ें- तेलंगाना देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक : राज्यपाल सुंदरराजन
