रायबरेली: सारस की मौत के बाद तालाब के किनारे मृत मिले दर्जनों पक्षी, अधिकारियों ने की जांच
खीरों /रायबरेली, अमृत विचार। दो दिन पहले कस्बे के एक तालाब के किनारे सारस की मौत के बाद उसी तालाब के पास दर्जनों की संख्या में विभिन्न प्रजाति के पक्षी मृत अवस्था में पाए गए हैं। पक्षियों के मारे जाने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है ।मौके पर लगातार अधिकारी पहुंचकर अपने अपने स्तर से जांच कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि कस्बे के मध्य स्थित एक पुराने तालाब के किनारे दो दिन पहले राजकीय पक्षी सारस मृत अवस्था में पाया गया था ।आरोप था कि किसी ने तालाब में जहर डालकर सारस को मारा है । यह तालाब मत्स्य पालन के लिए कस्बे की ही एक व्यक्ति को आवंटित हुआ है।इस घटना की प्रशासनिक जांच चल रही थी कि उसी तालाब के पास दर्जनों की संख्या में विभिन्न प्रजाति के पक्षी मृत अवस्था में मिले है। बड़ी संख्या में पक्षियों के मारे जाने की खबर मिलते ही वन विभाग एवं प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार की शाम मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने तालाब के अंदर हिल कर जांच की है। बताया जाता है कि तालाब में कुछ मछलियां भी मृत अवस्था में पाई गई है ।ऐसा समझा जा रहा है कि किसी ने तालाब के पानी में जहर मिला दिया है। जिसके कारण तालाब की मछलियां मरी है और मछलियों का शिकार करने आए विभिन्न पक्षी भी मारे गए हैं।
शनिवार की सुबह भी अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। उसके बाद समसपुर पक्षी विहार के अधिकारी और लालगंज के वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ,अविनाश पांडे, आबू अरशद खान, बछरावां के क्षेत्रीय वन अधिकारी नावेद सिद्दीकी, रूपेश श्रीवास्तव, डीएफओ रायबरेली आशुतोष जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की है ।इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है ।अधिकारियों की टीम ने तालाब के किनारे मृत पड़े पक्षियों के शव को एकत्र करके जांच के लिए भेजा है। फॉरेंसिक टीम ने तालाब के पानी को भी नमूने के तौर पर कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है ।अधिकारियों को कहना है कि तीन-चार दिन बाद इस मामले में अंतिम रिपोर्ट प्राप्त होगी ।उधर पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है और संभावित लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
ये भी पढ़ें - टला हादसा: NTPC की दो नंबर यूनिट के हापर में फंसा क्लिंकर, यूनिट ठप
