Banda News : जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में बंपर वोटिंग, 86.6 फीसद हुआ मतदान
बांदा में जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 86.6 फीसद हुआ मतदान।
बांदा में बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में कड़ी सुरक्षा के बीच 86.6 प्रतिशत मतदान हुआ।
बांदा, अमृत विचार। अधिवक्ता संघ चुनाव में 86.63 फीसदी अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। 13.37 फीसद अधिवक्ताओं ने मतदान से किनारा किया।अधिवक्ता संघ हाल में शाम पांच बजे से मतों की गिनती शुरू है।
जिला अधिवक्ता संघ परिसर में बुधवार को इल्डर्स कमेटी अध्यक्ष रामदयाल की देखरेख में मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई और शाम चार बजे तक मतदाता सूची में पंजीकृत 1339 अधिवक्ताओं में 1160 वकीलों ने वोट डाले। जबकि 46 अधिवक्ता पहले ही पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान कर चुके हैं। इस तरह से कुल 1206 अधिवक्ताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। इसके बाद मत पेटिकाएं सील कर दी गई।
एक घंटे का ब्रेक पूरा होने के बाद निर्धारित समय शाम पांच बजे से अधिवक्ता संघ भवन हाल में मतगणना शुरू हुई। प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटिका खुली। पहले से निर्धारित दो टेबिलों में मतगणना चल रही है। मतगणना शुरू होते ही अधिवक्ता संघ भवन के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई।
पुलिस बल व आधा सेक्शन पीएसी बाल के साथ सीओ सिटी अंबुजा त्रिवेदी ने कई बार मतदान स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।मतगणना के समय भी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
