UP Board Exam 2023: सख्त सुरक्षा पहरे में रखी गईं कापियां, कल पहुंच सकते हैं प्रश्नपत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाएं जिला मुख्यालय पर पहुंचने लगी हैं। जिले में इण्टरमीडिएट की साढ़े चार लाख और हाईस्कूल की साढ़े तीन लाख उत्तर पुस्तिकाओं की मांग की गयी है जिसमें करीब 40 फीसदी कापियां पहुंच गयी हैं। उत्तर पुस्तिकाओं को सख्त सुरक्षा पहरे में रखा गया है। सोमवार तक प्रश्नपत्र पहुंचने की संभावना है। 

राजकीय इण्टर कॉलेज में उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था की गयी है। हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट के प्रश्नपत्र अलग-अलग डबल लॉक में रखे जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों से लगातार कापियों व प्रश्न पत्रों की निगरानी की जा रही है। जनपद में इण्टरमीडिएट के लिए दो लाख 10 हजार उत्तर पुस्तिकाएं  मांगी गयी हैं जिसमें से 96 हजार कापियां यहां पहुंच गयी हैं। 

वहीं इण्टर की 58 हजार ब उत्तर पुस्तिकाओं की मांग की गयी है जिसमें से 58 हजार प्राप्त हो गयी हैं। इसी तरह से हाईस्कूल की 2 लाख 47 हजार अ कापियां मांगी गयी हैं जिसमें एक लाख 75 हजार 55 कापियां  पहुंच गयी हैं। वहीं हाईस्कूल की ही एक लाख 23 हजार ब कापियों में से 92 हजार ब उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हो चुकी हैं। यह जानकारी जीआईसी के उत्तर पुस्तिका प्रभारी ने दी। 

426 विद्यालयों में पहुंचे परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र
जनपद में 83751 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 44613 व इण्टर के 39138 परीक्षार्थी हैं। जनपद में 426 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं जिसमें से 133 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। 

जीआईसी नियंत्रण कक्ष के राजेश तिवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 246 माध्यमिक विद्यालयों जिनमें 133 परीक्षा केन्द्र भी शामिल हैं। सभी जगह परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र भेज दिये गए हैं। बचे हुए 51 स्कूलों के बच्चों का प्रवेश पत्र सोमवार को उनके विद्यालयों में भेज दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या में डॉक्टर व मेडिकल स्टोर संचालक के खेल से मरीज हो रहे हलकान

संबंधित समाचार