बरेली: महाशिवरात्रि पर बन रहा सर्वार्थ सिद्धि योग, मंदिरों में तैयारियां तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इस बार 18 फरवरी को महाशिवरात्रि सर्वार्थ सिद्धि योग में मनाई जाएगी। इसको लेकर मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं।

ज्योतिषाचार्य रमाकांत दीक्षित ने बताया कि महाशिवरात्रि पर उत्तराषाढ़ नक्षत्र और सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। चंद्रमा, मकर राशि में होगा। इस दिन महादेव की पूजा करने से काल सर्प योग का निवारण भी होता है। मंदिरों में विशेष अनुष्ठान व पूजा - अर्चना सार्थक होती है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार महाशिवरात्रि पर सुबह शिवलिंग पर बेलपत्र, चंदन, धतूरा, भांग व गंगाजल से जलाभिषेक का महात्म पुराणों में भी है। उधर, शहर नाथ मंदिरों को खास तौर पर सजाया जा रहा है। रंग रोगन व साफ- सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में मंदिर में रंग- रोगन व निर्माण कार्य चल रहे हैं।

श्री त्रिवटी नाथ मंदिर में साफ सफाई कराई जा रही है। मंदिर को हर साल की तरह इस बार भी रंग बिरंगी झालर व फूलों से सजाया जाएगा। धोपेश्वर नाथ मंदिर कमेटी के पदाधिकारी मंदिर परिसर व सरोवर की सफाई में जुटे हुए हैं। मंदिर में रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। बाबा पशुपति नाथ मंदिर, अलख नाथ, तपेश्वर नाथ और मढ़ीनाथ मंदिर में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बरेली: मंदिरों के आसपास सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था रखें दुरुस्त- मंडलायुक्त

संबंधित समाचार