मेरठ : चोरी के ट्रैक्टर और बाइक के साथ पुलिस ने तीन चोर पकड़े
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ के जानी थाना पुलिस ने गुरुवार की रात को वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन व्यक्तियों को तिकड्डा मार्ग से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने निशानदेही पर चोरी किए गए वाहनों को बरामद किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और एक चाकू भी बरामद किया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तिकड्डा मार्ग पर गुरुवार रात चैकिंग के दौरान ट्रैक्टर पर सवार तीन व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर तीनों युवक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर खेतों से होकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने तलाशी में दो तमंचे और एक चाकू बरामद किया। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थानें में पूछताछ की।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर टिमकिया कोठी के पास जंगल से चोरी किए गए दो ट्रैक्टरों के साथ ट्रॉली बरामद की। जबकि, जिस ट्रैक्टर पर आरोपी सवार थे वह भी चोरी की निकली। इसके अलावा चोरी की गई छह बाइक भी बरामद की।
थाना प्रभारी राजेश कंबोज ने बताया कि आरोपियों ने अपने नाम शिवम, विकास और सुशील निवासी कस्बा बड़ौत, जिला बागपत बताया। बताया कि ट्रैक्टर जानी क्षेत्र व बाइक मेरठ और बागपत से चोरी की गई थी।
ये भी पढ़ें- मेरठ: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
