शाहजहांपुर: लापता युवक का छठे दिन फांसी पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरानपुर कटरा, अमृत विचार। छह दिन पहले लापता हुए युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर गन्ने की फसल के बीच यूकेलिप्टिस पेड़ पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव मिलने पर पत्नी और बहन-बहनोई ने संपत्ति विवाद में परिवार के नजदीकी लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने …

मीरानपुर कटरा, अमृत विचार। छह दिन पहले लापता हुए युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर गन्ने की फसल के बीच यूकेलिप्टिस पेड़ पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव मिलने पर पत्नी और बहन-बहनोई ने संपत्ति विवाद में परिवार के नजदीकी लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

क्षेत्र के गांव उखली पिपली निवासी 25 वर्षीय राजेश राठौर पांच अगस्त को सुबह घर से शौच के लिए निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तब फिर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव में व आसपास खेत-खलिहान में भी उसे तलाश किया गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

दो दिन तक परिवार वाले उसकी तलाश करते रहे। नाते-रिश्तेदारों के यहां भी उसके बारे में जानकारी की गई लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। छह अगस्त को घर वालों ने थाने पहुंचकर राजेश के लापता होने की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी में मामला दर्ज कर लिया और उसकी बरामदगी का आश्वासन देकर परिजनों को घर भेज दिया।

मंगलवार सुबह गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर गन्ने की फसल के पास से गांव का एक व्यक्ति गुजर रहा था। उसे दुर्गंध महसूस हुई तो वह गन्ने के खेत में अंदर चला गया। जहां यूकेलिप्टिस के पेड़ पर शव लटका देख वह सकते में आ गया। इसके बाद उसने गांव पहुंचकर सूचना दी।

कुछ ही देर में गांव के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। रक्षाबंधन पर गांव आई बहन पुष्पा, पत्नी सोनी ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सोनी और पुष्पा-बहनोई तिलकराम ने संपत्ति विवाद में परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। जिस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दो माह पहले हुई थी शादी
राजेश की शादी दो माह पहले बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव खटेली निवासी सोनी के साथ हुई थी। शादी के बाद पहले सावन को वह मायके गई थी। चार अगस्त को राजेश सोनी को उसके मायके से बुला लाया था। पति की मौत पर बिलख रही सोनी को लोग समझाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

बहन-बहनोई ने किया था पालन-पोषण
राजेश के माता-पिता की जब मौत हुई थी, उस समय उसकी उम्र महज आठ वर्ष थी। हालांकि उससे बड़े दो भाई भी हैं लेकिन बेहतर देखभाल और परवरिश के लिए राजेश को उसकी बहन पुष्पा अपने साथ फीलनगर ले गई। बहन पुष्पा और बहनोई तिलकराम ने ही उसका पालन-पोषण किया। शादी से कुछ दिन पहले ही पिपली गांव में आकर राजेश रहने लगा था।

आठ अगस्त को मृतक के बहन बहनोई गुमशुदगी दर्ज कराने आये थे। इन लोगों से फोटो लेकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसके गुमशुदगी वाले पोस्टर क्षेत्र मे लगवा दिए थे। अपनी तरफ से तलाश में लगे थे। हत्या का जो आरोप लगाया जा रहा है वह पोस्टमार्टम जांच में पता लग जाएगा उसी के आधार पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। – हरपाल सिंह, एसओ

संबंधित समाचार