शाहजहांपुर: सजा रह गया मंडप, जिसने सुना, वही सिसकने लगा...मातम में बदलीं खुशियां
शाहजहांपुर/कांट, अमृत विचार। जिले के थाना कांट के गांव अभायन में हरदोई से बरात आ रही थी। जनपद हरदोई में रास्ते में ट्रैक्टर और बोलेरो कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। इससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और हादसे में दूल्हा, उसके पिता और बहनोई समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इससे गांव मे सन्नाटा पसर गया। परिवार के लोग सदमे में हैं और कुछ भी कहने सुनने की स्थिति में नहीं है।
गांव अभायन निवासी रमेश कुमार के घर में शुक्रवार की रात बेटी की शादी होनी थी। हरदोई जनपद के थाना हरपालपुर क्षेत्र के गांव कुंडा से दूल्हा देवेश सहित आठ लोग एक कार से थाना क्षेत्र के गांव अभायन में लड़की के यहां शादी में आ रहे थे। तेज गति से आ रहे कार चालक ने ट्रैक्टर ट्राली के पीछे से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए ड्राइवर सहित आगे बैठे हुए तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो लोगों की इलाज को ले जाते समय मौत हो गई। वहीं तीन लोगों का इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि रमेश चंद्र के भाई बालक राम की पुत्री, संतोष की बहन, विष्णु दयाल की दो लड़कियां उसी गांव में शादी हुई है। पुरानी रिश्तेदारी थी। बालक राम की पुत्री के देवर के साथ उन्होंने शादी तय की थी। 17 फरवरी को लड़की पक्ष के तमाम लोग इकट्ठा हो चुके थे और बरात आने का इंतजार किया जा रहा था। ज्यादातर जानती लोग खाना खा चुके थे। तभी उनको रात्रि 9:00 बजे सूचना मिली गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है, जिसमें दूल्हा बैठा था। जिससे वधू पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। पल भर में खुशियां मातम में बदल गईं। फिलहाल परिजन अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। लड़की के पिता अंत्येष्टि संस्कार में शामिल होने के लिए लड़के वालों के यहां गए हुए हैं। परिवार में महिलाओं का रो रो कर बुरा हाल है।
धरी रह गई तैयारियां, मातम में बदली खुशियां
वधु पक्ष के यहां बारात आ रही थी। सभी लोग जोर शोर से तैयारियों में जुटे थे, चारों ओर खुशियां थीं। बरात आने का सभी इंतजार कर थे, घर मे महिलाएं ढोलक की थापों पर गीत गाकर खुशियाँ मना रही थी तो वही जहां बारातियों के रुकने की व्यवस्था की गई थी वहां गानों पर भी वधु पक्ष के लोग नाच गा रहे थे, थिरक रहे थे। वही बारातियों के खाने पीने के लिए कारीगर भोजन बनाने में व्यस्त थे। लेकिन जैसे ही रात 9:30 बजे हादसे की खबर आई तो पूरे गांव में एकदम से सन्नाटा पसर गया और तेजी के साथ वधु के घर बाले खैर खबर लेने के लिए हादसे बाले स्थान की ओर दौड़ पड़े।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: गन्ना व्यापारी पर बदमाशों ने किया हमला, लूटे दो लाख रुपये
