Chitrakoot News : युवक की हत्या में युवती के शामिल होने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चित्रकूट में युवक की हत्या में शामिल युवती गिरफ्तार।
चित्रकूट में अवैध संबंधों में हुई युवक की हत्या में प्रेमी के साथ युवती के शामिल होने का आरोप। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया।
चित्रकूट, अमृत विचार। अवैध संबंधों में हुई युवक निखिल की हत्या में प्रेमी के साथ युवती के शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे भी गिरफ्तार कर लिया। निखिल और आरोपी एक ही युवती को चाहते थे और हत्या की यही वजह बन गई।
बरवारा निवासी लखपत सिंह के पुत्र निखिल पटेल (22) शुक्रवार को पुलिस ने नहर किनारे एक गड्ढे से सड़ा गला शव बरामद किया था। निखिल की हत्या के आरोप में परिजनों ने गांव निवासी कृपाशंकर उपाध्याय उर्फ कमल पण्डित पुत्र धर्मजीत और शनि पुत्र पप्पू डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिनको पुलिस गुरुवार को ही पूछतांछ के लिए ले गई थी। पुलिस को कृपाशंकर ने बताया कि गांव निवासी एक युवती से निखिल से अवैध संबंध थे। बाद में युवती से उसका भी संबंध हो गया।
पुलिस के अनुसार, कमल ने कुबूला कि तीन जनवरी की रात जब युवती गांव के बाहर एक खेत में थी तो वहां पर निखिल भी पहुंच गया। युवती ने फोन कर उसे भी वहां बुला लिया। नशे में निखिल ने उनको बदनाम करने की धमकी दी तो दोनों ने मिलकर निखिल की गर्दन में गमछे का फंदा डालकर दोनों तरफ से कसकर मार डाला।
कमल ने बताया कि शव को छिपाने के लिए अगले दिन रात को वह नहर के पास पहुंचा और बांस की कोठी के नीचे फावड़े से गहरा गड्ढा खोदकर उसने और युवती ने शव को लिटाकर ऊपर से एक बोरी नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया था। इस दौरान निखिल का मोबाइल, जो कमल की शर्ट की जेब में था, वहीं गिर गया था। शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह के साथ पुलिस टीम ने सह आरोपी युवती को भी घर से गिरफ्तार कर लिया।
