Chaar Dham news:केदारनाथ में स्थापित किया जाएगा स्वर्ण कलश, स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार के होंगे दर्शन
रुद्रप्रयाग, अमृत विचार। इस बार भक्तों के सहयोग से बाबा केदार के दरबार में स्वर्ण कलश स्थापित किया जाएगा। इसके चलते बदरीनाथ केदारनाथ समिति दान करने वाले भक्तों से बात-चीत कर रही है। दर्शनार्थियों को इस बार स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार की झलक देखने को मिलेगी।
इस बार श्रद्धालुओं को कुछ नया देखने को मिलेगा क्योंकि इस बार बदरीनाथ केदारनाथ समिति ने पहली बार गर्भगृह में चांदी की जगह सोने की परत चढ़ाई है। पिछले साल कपाट बंद होने के कुछ दिन पहले बदरीनाथ केदारनाथ समिति ने पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) और सरकार की अनुमति के पश्चयात गर्भगृह की दीवारों पर चांदी की जगह सोने की परत चढ़ाई थी। हटाई गई चांदी की परत को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है। बदरीनाथ केदारनाथ समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बयान देते हुए कहा कि मंदिर का चांदी कलश पुराना हो चुका है इसलिए इस बार नवीन स्वर्ण कलश स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है और मंदिर का गर्भगृह पहले ही स्वर्ण मंडित किया जा चुका है।
