अयोध्या : त्योहार को लेकर परिवहन निगम ने लांच की इनामी योजना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

10 दिवसीय प्रोत्साहन योजना 3 मार्च से 12 मार्च तक चलेगी

अयोध्या, अमृत विचार । पर्व और त्योहार पर परिवहन महकमें ने राजस्व बढ़ाने के लिए योजना बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए आगामी 3 मार्च से दस दिवसीय विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। योजना के तहत चालक, परिचालक, तकनीकी संवर्ग और आईटीआई कार्मिकों को त्योहार के इस सीजन में अनवरत ड्यूटी करने पर विशेष प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है।  
इस वर्ष होली 8 मार्च को मनाई जाएगी।

इस पर्व पर नौकरी पेशा और रोजी-रोजगार के लिए बाहर रहने वाले लोग सपरिवार अपने घरों को आते हैं और त्यौहार  के बाद वापस जाते हैं। परिवहन महकमें ने इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी तिजोरी को भरने के लिए ज्यादा से ज्यादा बसों के बेड़े को ऑन रुट रखने तथा परिवहन सेवा के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न प्रकार के कार्मिकों की उपलब्धता बनाये रखने के लिए त्यौहारी सीजन में विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। योजना को लेकर परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ के प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने मंगलवार को विस्तृत पत्र जारी किया है। जारी पत्र में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को त्यौहारी सीजन के लिए व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने का निर्देश दिया गया है।  

चालक-परिचालक, तकनीकी और आईटीआई कार्मिकों को मिलेगा लाभ 

मुख्यालय से जारी होली विशेष प्रोत्साहन योजना के दायरे में सभी नियमित व संविदा चालक-परिचालक एवं तकनीकी व आईटीआई कार्मिकों को रखा गया है। 03 मार्च से 12 मार्च तक की अवधि में चलने वाली इस योजना के तहत नियमित तथा संविदा चालक-परिचालक को निर्धारित मानक प्रतिदिन आवश्यक न्यूनतम 300 किलोमीटर की यात्रा के साथ पूरे 10 दिन ड्यूटी करने पर 400 रूपये रोजाना तथा 9 दिन ड्यूटी करने पर 350 रूपये प्रतिदिन प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जाएगी। साथ ही 300 किमी प्रतिदिन से ज्यादा संचालन पर संबंधित चालक और परिचालक को इस विशेष प्रोत्साहन अवधि में 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भुगतान होगा। वहीं तकनीकी कर्मचारियों को 10 दिन ड्यूटी करने पर एकमुश्त 1200 रूपये व 9 दिन ड्यूटी करने पर एकमुश्त 1000 रूपये और आईटीआई संविदा कार्मिकों को 10 दिन ड्यूटी करने पर एकमुश्त 600 रूपये व 9 दिन ड्यूटी करने पर एकमुश्त 500 रूपये प्रोत्साहन राशि का भुगतान होगा।

उधर त्यौहारी सीजन को लेकर मुख्यालय ने सभी प्रकार के अवकाश, साप्ताहिक विश्राम को स्थगित किया है। विमल राजन ने बताया कि परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से जारी होली विशेष प्रोत्साहन योजना का अनुपालन कराये जाने को लेकर स्टाफ को आवश्यक हिदायत दी जा रही है। क्षेत्र के सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस त्यौहारी सीजन में बेड़े की सभी बसों का संचालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें : Umesh Pal Murder Case : उमेश पाल के परिजन बोले - अपराधियों के मिट्टी में मिलने पर ही मिलेगी संतुष्टी

संबंधित समाचार