Chitrakoot News: ग्राम प्रधान और पति से मारपीट पर शिक्षामित्र को एक साल कैद, पति के साथ स्कूल निरीक्षण पर गई थी
चित्रकूट में शिक्षामित्र को एक साल कैद।
चित्रकूट में ग्राम प्रधान और पति से मारपीट पर शिक्षामित्र को एक साल कैद हो गई। इसके साथ ही दो हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया। वह पति के साथ स्कूल निरीक्षण पर गई थी।
चित्रकूट, अमृत विचार। स्कूल के निरीक्षण के दौरान महिला ग्राम प्रधान और पति से मारपीट के मामले में दोषी पाए जाने पर शिक्षामित्र को ग्राम न्यायालय ने एक वर्ष कारावास की सजा दी है। शिक्षामित्र को दो हजार रुपये अर्थदंड भी दिया गया है।
अभियोजन अधिकारी शारदा प्रसाद ने बताया कि मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत रुख्मा बुजुर्ग की तत्कालीन प्रधान अन्नू देवी ने 23 जुलाई 2013 को बहिलपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह पति एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष के साथ ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय नयापुरवा में मिड डे मील की व्यवस्था व पठनपाठन का निरीक्षण करने गई थी। इस दौरान विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र नयापुरवा निवासी राजीव कुमार पुत्र भैरव प्रसाद ने गालीगलौज कर मारपीट की। पति द्वारिका प्रसाद को भी पीटा।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। बुधवार को ग्राम न्यायालय मानिकपुर के न्यायाधिकारी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने निर्णय सुनाया। दोषसिद्ध शिक्षामित्र राजीव कुमार को एक वर्ष कारावास एवं दो हजार रुपये अर्थदंड दिया।
