तमिलनाडु: इरोड पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी एलानगोवन 66 हजार से अधिक रिकॉर्ड अंतर से जीते

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

चेन्नई। तमिलनाडु में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सत्तारूढ़ द्रमुक मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीत मोर्चे से कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलानगोवन ने गुरुवार को इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव में अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार के.एस. थेनारासु को रिकॉर्ड मतों से हराकर जीत दर्ज की। इस सीट पर 27 फरवरी को मतदान हुआ था।

ये भी पढ़ें - शेहला राशिद के खिलाफ एक TV चैनल के आरोपों का समर्थन नहीं करते : NBDSA

आज हुई मतों की गिनती में एलानगोवन ने अन्नाद्रमुक के दो बार के विधायक के.एस. थेनारासु को 66 हजार 406 मतों के अंतर से हराया है। श्री ईलनगोवन को 1,09,959 मत मिले, जोकि परिसीमन के बाद 2011, 2016 और 2021 में पिछले तीन चुनावों में अब तक का सबसे अधिक मत है। थेन्नारसु को 43,553 मत मिले और वह किसी तरह अपनी जमानत बचाने में सफल रहे।

नाम तमिझर काची (एनटीके) की सुश्री मेनका नवनीतन 7,984 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और अभिनेता से राजनेता बने विजयकांत के नेतृत्व वाले देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कज़गम (डीएमडीके) के एस. आनंद को केवल 949 मत मिले और वह चौथे स्थान पर रहे। इस उपचुनाव में 77 उम्मीदवारों चुनाव मैदान में थे।

द्रमुक द्वारा अन्नद्रमुक को गद्दी से हटाने और मई 2021 के विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के साथ 10 साल के अंतराल के बाद सत्ता में आने के बाद पार्टी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। इस उपचुनाव में श्री एलानगोवन और थेनारासु को छोड़कर, अन्य सभी उम्मीदवारों (अधिकांश निर्दलीय उम्मीदवारों को इकाई अंक में मत मिले) की जमानत जब्त हो गई।

चुनाव अधिकारी एवं इरोड निगम आयुक्त शिवकुमार ने एलानगोवन को जीत का प्रमाणपत्र दिया। ईलनगोवन की जीत का अंतर भी पिछले तीन चुनावों में सबसे अधिक रहा है। इससे पहले 2011 में द्रमुक के वी.सी. चंद्रकुमार ने 10,644 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

वहीं 2016 में अन्नाद्रमुक के थेन्नारासु ने 7,794 मतों के अंतर से जीत हासिल की तथा 2021 के चुनावों में कांग्रेस के थिरुमहान एवरा 8,904 मतों के अंतर से जीते थे। इस वर्ष जनवरी में  थिरुमहान एवरा निधन के कारण इस रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव हुआ। कांग्रेस पार्टी ने एलानगोवन को इस सीट से उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने शानदार अंतर से जीत दर्ज की हैं।

ये भी पढ़ें - तीन राज्यो में भाजपा की जीत से विपक्षी हुये पस्त : के एस दुग्गल

संबंधित समाचार