SP MLA Irfan Solanki की 11 करोड़ की संपत्ति की गई जब्त, Kanpur Police ने गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर पुलिस ने गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में इरफान सोलंकी की संपत्ति जब्त की।

कानपुर पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी की गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में 11 करोड़ की संपत्ति जब्त की। कानपुर से बेनामी संपत्तियों के जब्तीकरण को पांच सदस्यीय टीम गई।

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी पर लगातार शिकंजा कसता ही जा रहा है। कानपुर पुलिस ने विधायक की बेनामी संपत्ति में से गाजियाबाद के प्लॉट और ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट स्थित करोड़ों के फ्लैट को जब्त कर लिया। इस दौरान भारी पुलिस बल देखकर हड़कंप मचा रहा। 
 
फीलखाना इंस्पेक्टर (नोडल अधिकारी) सुनील कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर विवेक शर्मा, एक हेड कांस्टेबल व दो कांस्टेबल के साथ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में विधायक इरफान सोलंकी और उनकी पत्नी नसीमा सोलंकी के प्लॉट के बारे में जांच में जानकारी हुई थी। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के तहत विधायक व उनके सहयोगियों की संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
 
इसी के तहत गाजियाबाद में छह करोड़ रुपये का प्लॉट व ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट स्थित थ्री बीएचके फ्लैट को जब्त किया गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को विधायक की कुल ग्यारह करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। उन्होंने बताया कि आईटी डिपार्टमेंट से संपर्क किया गया है, कई जानकारियां मिली हैं। चिन्हांकन के साथ आगे भी जब्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। अब तक कुल 47 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। 
 
जाजमऊ के डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा के प्लॉट पर आगजनी करने के मामले में फंसे विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी पर मुकदमा दर्ज कराया था। इस दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाई फरार हो गए थे। जिसके बाद फर्जी आधार कार्ड से दिल्ली से मुंबई तक की यात्रा करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने विधायक और उनके आठ सहयोगियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। जिसके बाद लगातार उनके संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

 

संबंधित समाचार