कानपुर: अयोध्या में महिलाएं तय करेंगी निकाय फतह का एक्शन प्लान
महिला मोर्चा बूथवार सक्रिय करेंगी 5 से 7 महिलाओं की टीम
कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा की बैठक 12 मार्च को अयोध्या में होगी। तैयारी बैठक के लिए कानपुर से महिला पदाधिकारियों की टीम 11 मार्च को प्रात: अयोध्या को रवाना हो रही है। बताया जाता है कि एजेंडे में चुनावी तैयारियां प्रमुख रूप से हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रीता शास्त्री ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी ने कमर कस ली है।
कार्यकारिणी समिति की बैठक की तैयारियों पर रीता शास्त्री ने बताया कि महिला मोर्चा को वार्डों में बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है। एक-एक महिला को वोट डालने के लिए घरों से निकालना दायित्व महिला कार्यकर्ताओं को दिया गया है। उन्होंने बताया कि पांच से सात सदस्यों की टोली बनाकर, केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों, योजनाओं से जुड़े पत्रक लेकर घर-घर महिला कार्यकर्ता जाएंगी। मतदाता सूची में सुधार का मौका फिर मिल सकता है।
मोर्चा की उपाध्यक्ष रीता शास्त्री ने बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों की वजह से पार्टी के प्रति आम जनता में उत्साह का माहौल है। सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्रों को मिल रहा है। लाभार्थियों की संख्या बढ़ाना और उन्हें संतुष्ट करना भी प्रमुख कार्य है। आवास, शौचालय, गैस व विद्युत कनेशन हर पात्र व्यक्ति को दिया है। गरीबों, मजदूरों व किसानों के हित के लिए तमाम योजनाएं चलायी जा रही हैं।
ये भी पढ़ें - केजीएमयू: शोध प्रकोष्ठ के वित्तीय गबन की होगी जांच
