मुरादाबाद: चोरी की बिजली से रोशन हो रहे थे आशियाने, 90,000 रुपये से अधिक का जुर्माना
दो घरों में कनेक्शन होने के बाद भी उपभोक्ता कटिया डाल कर रहे थे बिजली चोरी, एक घर में नहीं था कनेक्शन, कटिया डालकर राजस्व को लगा रहे थे चूना
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी में सूरज की तपिश के बीच बिजली की खपत बढ़ने लगी है। इस बीच बिजली की चोरी भी होने लगी है। कोई कनेक्शन होने के बाद बिल से बचने के लिए कटिया डाल बिजली की चोरी कर रहा है तो कोई बिना कनेक्शन के ही घर को रोशन कर रहा है। इसका खुलासा बिजली विभाग की टीम की कार्रवाई से हुआ है। मंगलवार को नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय क्षेत्र में बिजली विभाग की टीम ने अभियान चलाकर तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ी। तीनों मामलों में आरोपियों पर जुर्माना लगाया गया है।
नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि गर्मी में बिजली चोरी के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में लोगों से निपटने के लिए विभाग ने सतर्क हो गया है। नादरा खातून वाली गली चक्कर की मिलक में स्वामी मारुक के मकान में किरायेदार बिजली चोरी करते पकड़े गए। यहां पर जेई राहुल साहनी ने टीम के साथ छापा मारा। बताया कि 325 विद्युत भार की चोरी की जा रही थी। इसमें 30,996 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि 2,000 रुपये का शमन शुक्ल अतिरिक्त लगा है। यह कोर्ट फीस है। बिजली चोरी करने वाले को इस फीस को भी भरना होगा।
जेई राहुल साहनी ने ही क्षेत्र के कांठ की पुलिया चक्कर की मिलक निवासी शकील अहमद के घर में बिजली चोरी पकड़ी। यहां पर 283 विद्युत भार की चोरी हो रही थी। शकील पर 26,750 रुपये का जुर्माना और दो हजार का शमन शुल्क लगाया है। इसके अलावा जेई प्रवीण कुमार को गली नंबर-4 मानपुर, टाउन हॉल निवासी इरफान खां के घर में भी बिजली चोरी होती मिली। यहां पर 225 विद्युत भार की बिजली चोरी हो रही थी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इरफान पर 20,878 रुपये का जुर्माना और 8,000 का शमन शुल्क लगाया गया है। तीनों मामलों में 90,624 रुपये का जुर्माना लगाया है।
चोरी की बिजली से लेते हैं सुविधाएं
जानकारों के अनुसार, गर्मी शुरू होते ही बिजली की खपत बढ़ने के पीछे अवैध तरीके से बिजली की चोरी भी एक बड़ी वजह है। लोग भारी भरकम बिल से बचने के लिए यह तरीका अपनाते हैं। कटिया डालकर सप्लाई लेकर उससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं। खासकर वे लोग, जो गर्मी में एसी चलाते हैं।
बिजली चोरी के पकड़े गए मामलों में मारूक के घर पर बिना कनेक्शन के बिजली चोरी की जा रही थी, जबकि शकील और इरफान ने अपने नाम से बिजली का कनेक्शन ले रखा था। इसके बाद भी वे दोनों बिजली चोरी कर रहे थे। - एसके सिंह, अधिशासी अभियंता
ये भी पढ़ें:- संभल: अंतिम संस्कार स्थल और रास्ते पर अवैध अतिक्रमण से लोगों में आक्रोश, डीएम से अवैध कब्जा हटाने की गुहार
