संभल: अंतिम संस्कार स्थल और रास्ते पर अवैध अतिक्रमण से लोगों में आक्रोश, डीएम से अवैध कब्जा हटाने की गुहार
हयातनगर के शाहजीपुरा के लोगों ने नायब तहसीलदार को बताई समस्या
संभल में एसडीएम कार्यालय पर नायब तहसीलदार से वार्ता करते सरायतरीन के लोग।
संभल, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शाहजीपुरा के लोगों में अंतिम संस्कार स्थल और रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने एसडीएम दफ्तर में नायब तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें डीएम से अंतिम संस्कार स्थल और रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई।
मोहल्ला शाहजीपुरा के लोग मंगलवार को दोपहर एसडीएम दफ्तर पहुंचे। वहां एसडीएम के नहीं मिलने पर नायब तहसीलदार भारत प्रताप सिंह को डीएम को संबोधित शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि अंतिम संस्कार स्थल मोहल्ला शाहजीपुरा मौजा घुंघावली में है। इसमें बारिश और सरायतरीन का गंदा पानी आने के कारण लोगों के दाह संस्कार में परेशानी हुई थी। इसके बाद यह प्रक्रिया हयातनगर में की जाने लगी।
इसका फायदा उठाते हुए मोहल्ले के लोगों और भूमाफियाओं ने अंतिम संस्कार स्थल और वहां तक जाने वाले रास्ते को हड़प करने के लिए उसे बंद कर दिया। आसपास की भूमि खरीदकर प्लाटिंग शुरू कर दी। 12 मार्च को एक महिला की मौत होने पर जब लोग शव लेकर श्मशान पहुंचे तो कब्जा करने वालों ने विरोध किया। बाद में किसी तरह समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार कराया गया। लोगों ने अंतिम संस्कार स्थल और रास्ते पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की।
नायब तहसीलदार ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। तथ्यों के आधार पर समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान कीमती लाल, भूरा, रंजीत, धर्मवीर, संजय सागर, राजकुमार, किशोरी लाल, राजकुमार, छोटे, मुनेश, पन्नालाल, बालकिशन, हरद्वारी, संजय, भूकन सरन उर्फ भगतजी आदि रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: मुर्गी दाने के गोदाम में आग लगने से लाखों का नुकसान, मजदूरों में मचा हड़कंप
