बिजनौर : मधुमक्खियों के हमले से ग्रामीण की मौत, महिला व चार छात्राएं घायल

बिजनौर : मधुमक्खियों के हमले से ग्रामीण की मौत, महिला व चार छात्राएं घायल

नगीना (बिजनौर) अमृत विचार।  थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला व चार छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह हरगांव चांदन गांव निवासी उदेश(45) पत्नी लक्ष्मी (40 ) के साथ अपने खेत पर कार्य करने गए थे। वहां पहले से उड़ रही मधुमक्खियों ने दंपति पर हमला कर दिया। हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उदेश की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी लक्ष्मी को उपचार के बाद छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। 

उधर, एक अन्य घटना में शुक्रवार सुबह नौ बजे नगीना कोतवाली मार्ग स्थित एलआरएस अकादमी परिसर निकट स्थित साईकिल स्टैंड के पास मधुमक्खियों ने हमला कर अकादमी की ही नगीना निवासी कक्षा-12 की चार छात्राओं महिमा, नसरा, आयशा व इकरा को गंभीर घायल कर दिया। घायल छात्राओं को अकादमी के शिक्षक इरशाद ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर घायल छात्राओं के परिजन भी सीएचसी नगीना पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। परिजन उपचार के बाद घायल छात्राओं को अपने साथ घरों को ले गए। अकादमी के आसपास पेड़ों पर मधुमक्खियों के छत्ते लगे होने की जानकारी मिली है। इस समस्या का समाधान शीघ्र कराया जाएगा।

गुलदार के हमले से बालिका घायल
नगीना। जिले में गुलदार और तेंदुए के हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिससे लोगों में दहशत है, लेकिन वन विभाग लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं कर पा रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर गुलदार ने हमला कर पांच साल की बालिका को घायल कर दिया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।  थाना क्षेत्र के गांव बूढ़ावाला निवासी अमर सिंह पत्नी रूपा के साथ शुक्रवार सुबह नौ बजे अपने खेत में गेंहू की फसल की सिंचाई करने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पुत्री नैना को खेत की मेढ़ पर बैठा दिया। तभी गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार नैना पर हमला कर दिया।

बालिका ने शोर मचाया तो अमर सिंह ने फावड़ा व पत्नी ने डंडे से गुलदार पर हमला कर किया। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग उनके खेत पर पहुंचे। तभी गुलदार बालिका को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। बालिका को उपचार के लिए माता-पिता ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल बालिका को छुट्टी दे दी। घटना के बाद से गांव में दहशत है। आसपास के ग्रामीण व प्लेज का कारोबार करने वाले बागवानों में भी दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने के लिए गांव के आसपास के क्षेत्रों में पिंजड़ा लगाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें :बिजनौर : शादी के चार दिन बाद महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

Related Posts

Post Comment

Comment List