हत्या या आत्महत्या : उन्नाव में पूर्व प्रधान का बंद घर में खून से लथपथ मिला शव, पास में मिली मिली देशी रायफल
उन्नाव में पूर्व प्रधान का बंद घर में खून से लथपथ मिला शव।
उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र के बयारीगांव में पूर्व प्रधान का बंद घर में खून से लथपथ शव मिला। शव के पास में मिली देशी रायफल मिली। पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों एंगल में जांच कर रही।
उन्नाव, अमृत विचार। औरास थानाक्षेत्र के बयारीगांव में शनिवार दोपहर पूर्व प्रधान का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। चारपाई के बगल में देशी रायफल पड़ी मिली है। बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट व स्निफर डाग के जरिए सुरागकशी कराई। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मामला हत्या का या फिर आत्महत्या का पुलिस हर पहलू से जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बयारी गांव निवासी पूर्व प्रधान संतोष मिश्रा (60) लखनऊ के बालागंज के कैम्पल रोड स्थित एक मोहल्ले में करीब 17 साल से अपने निजी मकान में परिवार सहित रहते थे। बुधवार को वह अपने पैतृक गांव बयारीगांव आए थे। दो दिन बाद भी लखनऊ न पहुंचने व मोबाइल से बात न होने पर शनिवार दोपहर उनका बड़ा बेटा रिंकू गांव आया। घर का मुख्य गेट व एक छोटा दरवाजा अंदर से बंद होने पर चहारदीवारी कूदकर घर के अंदर गया।
जहां मकान के अगले हिस्से में बरामदे के बगल में बने कमरे के बंद पल्ले खोलकर अंदर गया तो पिता का खून से लतपथ शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसकी दाहिने तरफ कनपटी में गोली लगी हुई थी। एक देशी रायफल जमीन पर थी। रिंकू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट व खोली कुत्ते को बुलाया। फील्ड यूनिट ने जांच कर साक्ष्य इकट्ठे किया। मौत की सूचना पर पहुंची पत्नी सुषमा पति का शव देख बेहाल हो गई। वहीं दो बेटों में रिंकू व विजय शंकर उर्फ नन्हकू का रो रो कर बुरा है। एसओ राजकुमार ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर, तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
