बरेली: बदला गणित... नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष के 19 में से आठ पद ओबीसी के लिए आरक्षित
दावेदारों को तगड़ा झटका, राजनीतिक दलों के लिए भी नए सिरे से प्रत्याशी तलाश करने की चुनौती, पिछली बार एक भी सीट नहीं थी ओबीसी के लिए आरक्षित
बरेली, अमृत विचार। ओबीसी सर्वे रिपोर्ट के बाद जिले की नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण में बड़ा फेरबदल हुआ है। कुल 19 सीटों में से आठ ओबीसी के खाते में चली गईं। इससे पहले दिसंबर, 2022 में जारी आरक्षण में एक भी सीट ओबीसी आरक्षित नहीं थी। ओबीसी के साथ महिलाओं का भी आरक्षण बढ़ा है। अध्यक्ष के सात पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। आरक्षण की स्थिति में बड़े बदलाव से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे भाजपा और सपा के कई दावेदारों को करारा झटका लगा है। राजनीतिक दलों के आगे भी आननफानन नए सिरे से प्रत्याशी तलाश करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
नगर विकास विभाग की ओर से बृहस्पतिवार शाम जारी सूची में सभी चारों नगर पालिका परिषद और आठ नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के आरक्षण में बदलाव किया गया है। ओबीसी सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक चक्रानुक्रम फार्मूले के आधार पर इस बार आरक्षण घोषित हुआ है। दिसंबर 2022 में हुए आरक्षण में जिले की 16 सीटें अनारक्षित घोषित हुई थीं, इस बार महज अनारक्षित सीटों की संख्या सिर्फ सात रह गई है। इससे पहले 2017 के निकाय चुनाव में बहेड़ी व नवाबगंज पिछड़ा वर्ग महिला, फरीदपुर महिला और आंवला नगर पालिका का अध्यक्ष पद अनारक्षित था। नगर पंचायतों में फरीदपुर, शीशगढ़, धौराटांडा, रिछा और शेरगढ़ पिछड़ा वर्ग महिला, रिठौरा, बिशारतगंज, देवरनियां, मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी पिछड़ा वर्ग, ठिरिया निजावत खां, शाही और सिरौली महिला और सेंथल और फतेहगंज पूर्वी सीट अनारक्षित घोषित हुई थी।
सबसे चर्चित सीट नवाबगंज फिर पिछड़ा वर्ग महिला
नगर पालिका नवाबगंज की सीट जिले की सबसे चर्चित सीट है। इस सीट पर हर चुनाव में मतदान से लेकर मतगणना तक तगड़े टकराव की स्थिति बनी रहती है। पिछले चुनाव में यह सीट पिछड़े वर्ग की महिला के आरक्षित थी। दिसंबर, 2022 में हुए यह सीट महिला के लिए अरक्षित कर दी गई थी लेकिन ओबीसी सर्वे के बाद इस सीट को फिर पिछड़े वर्ग की महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इस सीट पर पिछली बार शहला ताहिर विजयी हुई थीं, लेकिन उनके जाति प्रमाणपत्र को चुनौती दी गई थी। इस बीच वह बर्खास्त भी हुईं, हालांकि हाईकोर्ट के आदेश पर फिर पद पर काबिज हो गईं।
दिसंबर में ओबीसी के लिए एक भी सीट नहीं थी आरक्षित
दिसंबर 2022 में नगर विकास अनुभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात की ओर से घोषित आरक्षण में बरेली जिले की चार नगर पालिका परिषद और 15 नगर पंचायत अध्यक्ष पदों की सूची में पिछड़ा वर्ग महिला और पिछड़ा वर्ग के लिए एक भी सीट आरक्षित घोषित नहीं की गई थी।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पदों का आरक्षण
सीट वर्तमान दिसंबर 2022
नवाबगंज पिछड़ा वर्ग महिला महिला
आंवला अनारक्षित महिला
फरीदपुर पिछड़ा वर्ग अनारक्षित
बहेड़ी पिछड़ा वर्ग महिला अनारक्षित
नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद का आरक्षण
सीट वर्तमान दिसंबर 2022
रिठौरा एससी महिला महिला
सिरौली महिला अनारक्षित
बिशारतगंज अनारक्षित अनारक्षित
फतेहगंज पूर्वी अनारक्षित अनारक्षित
मीरगंज अनारक्षित अनारक्षित
फतेहगंज पश्चिमी महिला अनारक्षित
शाही अनारक्षित अनारक्षित
शेरगढ़ पिछड़ा वर्ग अनारक्षित
सेंथल अनारक्षित अनारक्षित
धौराटांडा पिछड़ा वर्ग अनारक्षित
ठिरिया निजावत खां अनारक्षित अनारक्षित
शीशगढ़ पिछड़ा वर्ग महिला अनारक्षित
देवरनिया अनारक्षित अनारक्षित
रिछा पिछड़ा वर्ग अनारक्षित
फरीदपुर पिछड़ा वर्ग महिला अनारक्षित
ये भी पढ़ें- बरेली: मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवारों की राहगीरों ने कर दी धुनाई, पुलिस को सौंपा
