बरेली: धर्मदत्त सिटी हॉस्पिटल के डॉ. अनुपम से 21 लाख की ठगी, पुलिस जांच में जुटी
ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर कराया था निवेश
बरेली, अमृत विचार। धर्मदत्त सिटी हॉस्पिटल के मालिक डॉ. अनुपम शर्मा को ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 21.4 लाख की ठगी कर ली गई। आरोप है कि मुनाफा मांगने पर ठगों ने पहले टालमटोल की और फिर कंपनी की साइट ही बंद कर दी। एडीजी जोन के आदेश पर डॉ. अनुपम की ओर से थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: जमीन दिलाने के नाम पर हड़पे रुपये, जान से मारने की दी धमकी
प्रेमनगर के गांधीनगर धन्वंतरी मार्ग पर रहने वाले डॉ. अनुपम शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 12 फरवरी को उनके मोबाइल नंबर पर मेसेज आया जिसमें एक कंपनी की ओर से ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग के बारे में जानकारी देते हुए दावा किया गया था कि अगर वह कंपनी के नियमों के अनुसार गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश करते हैं तो मोटा मुनाफा कमा सकते हैं। डॉ. अनुपम शर्मा के मुताबिक कंपनी के दावे पर भरोसा करके उन्होंने उसके पोर्टल पर अकाउंट खोला जिसके बाद पहले तो उनसे रेफरेंस आईडी पर लाखों रुपये का भुगतान कराया गया और इसके बाद उनकी आईडी के जरिए दो बार में कई लाख रुपये जमा करा लिए।
कंपनी के लोगों ने कई बार में उनसे कुल 21.40 लाख रुपये निवेश कराए और उन्हें 30 लाख रुपये के मुनाफे की कमाई का झांसा दिया। कुछ दिन बाद अनुपम ने पोर्टल पर दिख रहे अपने मुनाफे की रकम में से छह लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की लेकिन पैसा खाते में नहीं आया। डॉ. अनुपम ने इस पर कंपनी से संपर्क किया तो पैसे भेजने में टालमटोल शुरू कर दी गई। फिर साइट ही बंद हो गई।
ठगी का एहसास होने पर उन्होंने प्रेमनगर पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने एडीजी जोन पीसी मीना से शिकायत की। एडीजी के निर्देश पर प्रेम नगर पुलिस ने सोमवार को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। डॉ. अनुपम पूर्व मंत्री धर्मदत्त वैद्य के पोते और पूर्व विधायक भूपेंद्र नाथ शर्मा के बेटे हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: बड़ा बाईपास पर 20 बीघा में बन रही अवैध कॉलोनी, बीडीए ने की ध्वस्त
