बरेली: राजकीय इंटर कॉलेजों में छात्रों को जल्द मिलेगी चैटबॉट की सुविधा, लगेंगे क्यूआर कोड
घर बैठे सवाल पूछने की होगी व्यवस्था, स्कूलों में लगेंगे क्यूआर कोड
बरेली, अमृत विचार। कोविड संक्रमण काल से शिक्षा सुविधाओं को डिजिटल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दिशा में राजकीय इंटर कॉलेजों में छात्रों की शिक्षा को और आसान बनाने के लिए चैटबॉट एप की सुविधा देने की तैयारी हो रही है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मई माह के पहले सप्ताह में एप के जरिए शिक्षण सुविधाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। खास बात यह है कि अधिकतर कंपनियां और संस्थानों में चैटबॉट का उपयोग किया जाता है, लेकिन छात्रों के लिए इस सुविधा का उपयोग पहली बार शुरू होगा। जनपद में 418 राजकीय कॉलेज हैं।
एप में बात करने की भी होगी आसानी
जानकारी के मुताबिक इस एप में निपुण भारत प्रश्नोत्तरी, गणित, विज्ञान आदि विषयों के अभ्यास के लिए सवाल शामिल होंगे। साथ ही कई तरह के पाठ्य उपयोगी वीडियो को भी इसमें रखा गया है, जो छात्रों के लिए मददगार साबित होंगे। एप के माध्यम से छात्र संबंधित शिक्षक से बातचीत कर सवाल पूछ सकते हैं। साथ ही हर सप्ताह कक्षा में पूरे हुए पाठ पर आधारित सवालों का अभ्यास भी कर सकेंगे। इसके लिए छात्रों को अपने स्कूल का कोड आदि की जानकारी देनी होगी।
हर स्कूल के छात्र इस एप का इस्तेमाल कर सकें। इसके लिए स्कूलों में क्यूआर कोड लगवाया जाएगा। उम्मीद है कि मई के पहले सप्ताह तक एप की शुरुआत कर दी जाए---सोमारू प्रधान, डीआईओएस।
यह भी पढ़ें- बरेली: रेल कोच में ले सकेंगे रेस्टोरेंट का आनंद, बस कुछ दिन करना होगा इंतजार
