Banda Crime : कंटीले तार से लटका मिला किसान का शव, परिजनों ने हत्या करने का लगाया आरोप
बांदा में कंटीले तार से किसान का शव लटका मिला।
बांदा में किसान का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। इस पर परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे एसपी व फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
बांदा, अमृत विचार। किसान का शव बबूल के पेड़ पर कंटीले तार से लटकता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी व फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के पुत्र ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव के मजरा कैरी निवासी जीत निषाद (50) पुत्र दुर्जन निषाद का शव मंगलवार की सुबह घर से 200 मीटर दूर खेत पर लगे बबूल के पेड़ पर कंटीले तार के सहारे फंदे से लटकता पाया गया। शव देखते ही ग्रामीणों ने घरवालों को जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को फंदे से नीचे उतराया।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र फोरेंसिक टीम और डाग स्कवॉयड के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र संदीप ने बताया कि उसका पिता किसानी करता था। पिता ने कुछ वर्ष पहले धुंधपुर के रहने वाले रामसजीवन को 12 बिस्वा जमीन बेची थी। इस जमीन के बेच का करीब 75 हजार रुपया रामसजीवन नहीं दे रहा था।
इतना ही नहीं उसके पिता ने केसीसी बनवाई थी। इसके बाद 50 हजार रुपया और रामसजीवन को दे दिया था। कुल मिलाकर एक लाख 22 हजार रुपया उसके पिता को रामसजीवन से पाने थे। पिता ने कई बार रुपए की मांग की। लेकिन रुपया नहीं मिला। मामला थाने तक भी पहुंचा। पुलिस कर्मी रुपया दिलाने के बजाय समझौता कराकर मामले को ठंडा कर देते थे।
सोमवार की रात उसका पिता खेत से घर आया। खाना खाने के बाद घर में सो गया। संदीप रात को ही अपनी पत्नी के साथ खेत की कटाई करने चला गया था। घर में पिता अकेला था। आरोप लगाया कि गांव का ही एक व्यक्ति आया और उसके पिता को जगाकर घर से बाहर ले गया। घर के बाहर खड़े पिता-पुत्र समेत तीन लोगों ने उसके पिता का साफी से मुंह बांध दिया और कंटीले तार से हतया करने के बाद शव को बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। एसपी अभिनंदन का कहना है कि मामला संदिग्ध है। जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी।
