निकाय चुनाव: पंडित जी, नामांकन कराना है शुभ मुहूर्त क्या है
बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजने के साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रत्याशी ज्योतिषाचार्यों की शरण में पहुंच रहे हैं। नामांकन कराने के लिए उनसे शुभ मुहूर्त पूछ रहे हैं। कुंडली दिखाकर ग्रहों की चाल भी पता कर रहे हैं। यदि कोई दोष है तो उसका उपाय की भी जानकारी ले रहे हैं। जिले में नगर निकाय चुनाव दूसरे चरण में है।
सुरेश शर्मा नगर निवासी ज्योतिषाचार्य रमाकांत दीक्षित ने बताया कि इन दिनों विभिन्न जगहों से लोग फोन कर नामांकन कराने के लिए शुभ मुहूर्त पूछ रहे हैं। कुछ की कुंडली भी उनके पास आ चुकी है। सोमवार को भी कुछ प्रत्याशी कुंडली लेकर उनके पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को द्वादशी तिथि है। सुबह 9 से दोपहर 3:46 बजे तक नामांकन करना ठीक रहेगा। नामांकन के लिए राहुकाल का समय अशुभ माना जाता है। यह प्रतिदिन डेढ़ घंटे तक रहेगा। सोमवार को सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक राहुकाल रहेगा। 18 अप्रैल को नामांकन के लिए शुभ मुहूर्त नहीं है। 19 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक नामांकन कराया जा सकता है। कहा कि 20 अप्रैल को अमावस्या तिथि है। सर्वार्थसिद्ध योग भी है। इस दिन पूर्वाह्न 11:55 से दोपहर 12:45 तक नामांकन के लिए शुभ समय है।
ग्रह दशा उत्तम नहीं तो कराएं यज्ञ
मढ़ीनाथ स्थित ज्योतिषाचार्य अमित शर्मा कहते हैं कि कई प्रत्याशियों की कुंडली में राहु - केतु और मंगल की दशा उत्तम नहीं हैं। इसके लिए विशेष अनुष्ठान और यज्ञ कराने का उपाय बताया जा रहा है। 22 अप्रैल को द्वितीया तिथि है। इस दिन सुबह 9 से सायं 4 बजे तक नामांकन करना शुभ रहेगा। 23 अप्रैल को सुबह 11:53 से दोपहर 12:45 तक नामांकन शुभ रहेगा। 24 अप्रैल को सुबह 8:44 बजे के बाद पंचमी तिथि लग जाएगी।
चंदन और गंगाजल से तिलक लगा कर घर से निकलें
पशुपति नाथ मंदिर में पं. मुकेश मिश्रा ने बताया कि अपने आराध्य और कुल देवता की आराधना, चंदन और गंगाजल का तिलक लगाकर घर से बाहर निकलना हर स्थिति में शुभकारी होता है। घर से दही और मीठा का सेवन कर नामांकन आदि कार्य के लिए निकलना उत्तम होगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: माफिया अतीक-अशरफ को शेर बताने वाला गिरफ्तार
