बरेली: माफिया अतीक-अशरफ को शेर बताने वाला गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और अशरफ की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले को इज्जतनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इससे पहले भी कई बार अपने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर चुका है। पुलिस सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों की निगरानी कर रही है।
पोस्ट करने वाले की पहचान अब्दुल्लापुर माफी निवासी फारुख के रूप में हुई है। फारुख ने अतीक और अशरफ के हत्याकांड को जोड़ते हुए अपने फेसबुक पर पिंजरे में बंद शेर का शिकार करने की भड़काऊ पोस्ट डाली थी। जिसका स्क्रीन शॉट लेकर हिमांशु पटेल नाम के युवक ने पुलिस को ट्वीट कर दिया। जिस पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने संज्ञान लेते हुए इज्जतनगर थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने सोमवार दोपहर को उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मकानों में टायल-पत्थर लगाने का काम करता है। आरोपी ने दूसरी पोस्ट में और भड़काऊ बातें लिखी थीं।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीमें सोशल मीडिया की निगरानी कर रही हैं, जो भी इस तरह का पोस्ट करेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
ये भी पढे़ं- बरेली: नेशनल बेडमिंटन चैंपियनशिप में बरेली के 11 खिलाड़ियों का चयन
