मुरादाबाद : फर्जी दस्तावेज से भूमि हड़पने की साजिश, दस के खिलाफ रिपोर्ट
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मुरादाबाद, अमृत विचार। फर्जी दस्तावेजों से भूमि हड़पने की साजिश रचने के दस आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भोजपुर थाना क्षेत्र में जमीदारान मोहल्ले निवासी रोशन जहां पत्नी कमरुद्दीन ने सीजेएम कोर्ट में याचिका दाखिल की। बताया कि भोजपुर धर्मपुर की रहने वाली रहमाना बेगम गांव में ही खसरा नंबर 587 रकबा 0,433 हेक्टेयर भूमि में तीसरे हिस्से की मालकिन थीं। 14 अगस्त 2006 को रहमाना ने अपने नाम की भूमि उनके पति कमरूद्दीन के नाम रजिस्ट्री कर दी।
इसके लिए महिला ने दो लाख रुपये भी ले लिए। बैनामा के बाद भी रहमाना व उसका पति सुजाउद्दीन धन उगाही की कोशिश करने लगे। इनकार पर आरोपी दंपति ने 9 मई 2013 को इकबाल अहमद, निवासी मोहल्ला सैफीयान, अगवानपुर व अन्य के हक में गाटा संख्या 587 का फर्जी बैनामा कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
दीवानी न्यायालय ने उक्त फर्जी बैनामा समाप्त कर दिया। तब आरोपियों ने फर्जी अभिलेखों की मदद से रहमाना व उनके पति के अलावा पुत्र मोहम्मद तल्हा ने मित्र आदिल रियाज की मदद से दो अप्रैल 2018 को एक करार कराया। आरोपियों ने पीड़िता को कानूनी दांवपेंच में फंसाने की कोशिश की। जबकि राजस्व परिषद उप्र लखनऊ ने भी भूमि पर रोशनजहां का नाम दर्ज कराने का आदेश दिया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी रहमाना बेगम, मोहम्मद तल्हा, आदिल रियाज उर्फ गुड्डू पुत्र रियाज निवासी पीपलसाना, भोजपुर समेत दस लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से जमीन हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
