Etawah: पेड़ पर लटका मिला किसान का शव, भाई बोला- गांव के लोगों से चलती रंजिश, आरोपी पक्ष ने देख लेने की दी थी धमकी
इटावा में किसान का शव पेड़ पर लटका मिला।
इटावा के सैफई थानाक्षेत्र के ग्राम लछवाई में किसान का शव पेड़ पर लटकता मिला। मृतक के भाई ने गांव के लोगों पर रंजिश के चलते हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
इटावा, अमृत विचार। सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम लछवाई में किसान का शव पेड़ पर लटकता हुआ मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सैफई गांव निवासी किसान हरेंद्र कुमार (47) वर्ष पुत्र पहलाद सिंह शुक्रवार की रात्रि नौ बजे के बाद अचानक घर से गायब हो गया। रात में इसकी जानकारी घर वालों को नहीं मिल सकी। शनिवार की सुबह ग्रामीण ने शव पेड़ पर लटकता देखा। हो-हल्ला सुनकर सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंचे। मृतक के छोटे भाई जोगेंद्र सिंह का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही है।
अभी 17 अप्रैल को ही उन्होंने उसके भाई को फर्जी एससी एसटी का मुकदमा लगाया था। बीते दो दिन पहले ही भाई पर जानलेवा हमला किया था। जिसकी डॉक्टरी इटावा जिला चिकित्सालय में कराई गई थी। तभी से आरोपी पक्ष ने भाई को देख लेने की धमकी दी थी। इसी के चलते उन्हीं लोगों ने हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया है। उसका भाई रात नौ बजे तक घर पर ही था।
किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर सीओ नागेंद्र चौबे, प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह, हैवरा चौकी इंचार्ज सोमेश यादव, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ नागेंद्र चौबे ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
