Accident In Unnao : काल बनकर सड़क पर दौड़े वाहन, पांच की मौत, 13 घायल, दो लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर
उन्नाव में सड़क पर काल बनकर दौड़े अनियंत्रित वाहन।
उन्नाव के दही, हसनगंज, सोहरामऊ, असोहा, असीवन, अजगैन व बांगरमऊ क्षेत्रों में हुईं घटनाओं में पांच की मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में विभिन्न सड़क हादसों में महिला ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। संबंधित थानों की पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों में दो को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
केस एक :
कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के सरांय जोगा गांव निवासी नन्हीं देवी (49) पत्नी स्व. राम कुमार विश्वकर्मा के माखी थानाक्षेत्र के सुब्बाखेड़ा निवासी बहनोई रामशंकर बीमार चल रहे हैं। उन्हें देखने नन्हीं बड़े बेटे ललित व छोटे बेटे दीपक के साथ बाइक से जा रही थी। शुक्रवार सुबह लखनऊ कानपुर हाइवे पर दही थानांतर्गत धर्मकांटा के पास पीछे से आयी अज्ञात कार की टक्कर से बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसमें नन्ही गंभीर घायल हो गई। साथ रहे उसके बेटे दीपक को भी चोटें आईं। जबकि ललित बाल-बाल बच गया। उसने मां और भाई को एक लोडर से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घायल दीपक को मरहम पट्टी कर छुट्टी दे दी गई। मां की मौत से बेटों ललित, दीपक, पंकज व बेटियों साधना और सरला आदि का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में घायल महिला ने जिला अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
केस दो :
पैदल जा रही महिला प्रधान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
असोहा थानांतर्गत गांव कंचनपुर की प्रधान कमला देवी (50) शुक्रवार सुबह छह बजे पैदल खेत जा रही थी। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर संदौली पुलिया के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गई। राहगीर व परिजन आनन फानन उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर गांव पहुंचे परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम उसे के लिए भेजा। कमला की मौत से पति कृष्ण कुमार, बेटा धीरज, नीरज और बेटियों में पूनम, नीलम और नीलू बेहाल हैं। एसओ सुरेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। अगर कोई तहरीर आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केस तीन :
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ममेरे भाईयों की मौत
सोहरामऊ थानाक्षेत्र में हाइवे के मौहारी गांव के पास गुरुवार देररात एक बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे लखनऊ के दुबग्गा निवासी विकास (23) व बांदा के थाना जमालपुर के गांव करैया निवासी ममेरा भाई अनीस (17) गंभीर घायल हो गए। दोनों आपस में ममेरे भाई थे। हाइवे की एंबुलेंस ने दोनों को सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन विकास को गंभीर देख उसे लखनऊ ले गए। जहां देररात उसकी मौत हो गई। वहीं शुक्रवार सुबह अनीस ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ संदीप मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
केस चार :
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी व बच्ची बाल-बाल बचे
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहान-बांगरमऊ रोड पर कस्बे के संतोषी माता मंदिर के पास लखनऊ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोहान जा रही बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार पुष्पेंद्र वर्मा (30) पुत्र स्व. मुलकराज की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसके साथ रही पत्नी सोनम व दो वर्षीय बेटी पूर्वी बाल-बाल बच गए। मृतक का एक बेटा शनि (5) है जो घर पर था। पुष्पेंद्र पत्नी व बेटी के साथ ससुराल मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहा था। इकलौते बेटे की मौत से मां ममता व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दो बहनें मनीशा व कल्पना हैं जिनकी शादी हो चुकी है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
केस पांच :
ट्रैक्टर की टक्कर से पलटा ई रिक्शा, तीन घायलों में दो ट्रामा रेफर
गंजमुरादाबाद बीती देररात एक ई-रिक्शा बांगरमऊ से सवारी लेकर सिरधरपुर जा रहा था। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विसलेन पर बहलोलपुर के पास सामने से आ रही भूसा लदी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। इसमें रिक्शा सवार हरिश्चंद्र (47) पुत्र सिपाही लाल निवासी गोबार थाना औरास, श्याम सिंह (25) पुत्र केदारी निवासी पीतम पुरवा बांगरमऊ व विकास (25) पुत्र स्व. शिवरतन निवासी ग्राम सुमेरपुर थाना मल्लावां हरदोई घायल हो गए। एंबुलेंस ने सभी को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया। डाक्टर ने हरिश्चंद्र व श्याम सिंह को गंभीर देख उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। विकास का इलाज बांगरमऊ के सरकारी अस्पताल में जारी है।
केस छह :
दो हादसों में पांच लोग घायल, जिला अस्पताल हुए रेफर
आसीवन थानाक्षेत्र के संडीला-चकलवंशी मार्ग पर एलवाई मैनपुरीया स्कूल के समीप दो बाइकें आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर क्षेत्र के गांव कोटरहा निवासी मुन्शीलाल (40) पुत्र रामलाल व विजय (22) पुत्र रामगुलाम गांव गौरा कलां चचेरे भाई के लिए लड़की देखने जा रहे थे। सामने से आ रहे गौरा कला निवासी कमल पुत्र शिवपाल की बाइक उनसे टकरा गई। पुलिस ने आनन-फानन घायलों को मियागंज सीएचसी पहुंचाया। जहां से डाक्टर ने तीनों को गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, थानाक्षेत्र के आसीवन निवासी कुलदीप पुत्र धर्म प्रसाद व सुंदर लाल पुत्र ठाकुरी किसी काम से चकलवंशी से आ रहे थे। तभी उन्नाव-संडीला मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मियागंज सीएचसी भेजा। जहां से डाक्टर ने कुलदीप को गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है
केस सात :
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति व तीन बच्चे घायल
नवाबगंज अजगैन कोतवाली अंतर्गत मुंशीगंज मार्ग पर भौली के पास बाइक से परिवार के साथ जा रहे मुकेश पुत्र मनेश्वर निवासी आटा बंथर थाना अचलगंज को भौली के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मुकेश समेत उसकी पत्नी रिंकी, बेटा सौरभ (8), बेटी सिमरन (6), व दीपाली (6 माह) घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां से उन्हें गंभीर देख जिला अस्पताल भेजा गया।
