Kannauj News : अवकाश में भी बच्चों को निपुण बना रही शिक्षिका, सितंबर तक पूरा होगा लक्ष्य, पढ़ें- पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में अवकाश में भी बच्चों को निपुण बना रही शिक्षिका।

कन्नौज में अवकाश में भी बच्चों को निपुण बना रही शिक्षिका। अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर की प्रधानाध्यापक ने पहल शुरू की। जिले में अब तक 70 विद्यालय निपुण हो चुके।

कन्नौज, अमृत विचार। निपुण भारत अभियान के तहत सभी बच्चों को ‘निपुण’ बनाने का लक्ष्य दिया गया है और इसके लिए जिलाधिकारी समेत सभी आला अधिकारी भी शिक्षकों को प्रेरित कर रहे हैं। बच्चों और विद्यालय को सबसे पहले ‘निपुण’ बनाने को लेकर एक शिक्षिका ने अवकाश के दिन भी विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पढ़ा ने का संकल्प लिया है। 

शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा का सार्वजनिक अवकाश शासन की तरफ से घोषित किया गया था और सभी विद्यालय बंद थे, लेकिन जिले में एक स्कूल ऐसा था, जहां पढ़ाई हो रही थी। यह कोई शासन के आदेश की अवहेलना नहीं थी, बल्कि यह एक पहल थी, जो ‘निपुण’ लक्ष्य को हासिल करने के प्रति शिक्षिका की संवेदना को प्रकट कर रही थी।

छिबरामऊ ब्लाक के अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर की प्रधानाध्यापक पूजा पांडेय अवकाश के दिनों में भी बच्चों को पढ़ा रहीं हैं। उनका कहना है कि बच्चों को ‘निपुण’ बनाने के लिए वह शाम को भी कक्षा संचालन करतीं हैं। गांव के अभिभावक भी उनके इस पुनीत कार्य में सहभागी बन रहे हैं और बच्चों को अवकाश में भी स्कूल भेज रहे हैं। 

प्राइवेट स्कूलों से निकलकर आ रहे बच्चे

प्रधानाध्यापक पूजा पांडेय ने बताया कि उनके विद्यालय में अब भी नामांकन हो रहे हैं और आसपास के प्राइवेट स्कूलों से बच्चे निकलकर आ रहे हैं। विद्यालय को ‘निपुण’ बनाने के लिए उनके सहायक अध्यापक भी सहयोग कर रहे हैं। स्थिति यह है कि गांव के आसपास कई निजी स्कूल बंद होने के कगार पर आ गए हैं। 

सितंबर तक जनपद को पूर्णतया निपुण घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए सभी शिक्षकों व एआरपी को प्राणपण से जुटना होगा। प्रधानाध्यापक पूजा पांडेय की पहल अनुकरणीय है, सभी शिक्षकों को इस तरह के प्रयास करने चाहिए। जिले में अब तक 70 विद्यालय निपुण घोषित हो चुके हैं।- कौस्तुभ कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी

संबंधित समाचार