काशीपुर: समय पर कार्य न करने वाले ठेकेदार हो सकते हैं ब्लैक लिस्टेड ! 

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

काशीपुर, अमृत विचार। नगर निगम निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं करने वालों ठेकेदारों को नोटिस जारी करेगा। धीमी गति व खराब गुणवत्ता से कार्य करने वाले रहे ठेकेदारों की नगर निगम ने सूची बनाना शुरू कर दी है। जिसमें उनके कार्य का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।  

स्मार्ट सिटी के तहत कार्य कर रहा नगर निगम ने अब सख्त रवैया अपना लिया है। नगर निगम ने शहर में किए जा रहे विकास कार्यों में अनियमितता बरतने व खराब गुणवत्ता से कार्य करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। जिनको तय समय पर काम नहीं करने पर निगम ब्लैक लिस्टेड करेगा।

काम नहीं होने से शहर के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। नगर निगम में तमाम ठेकेदारों के पास कई-कई कार्यों के ठेके हैं, लेकिन एक कार्य पर फोकस करने के कारण दूसरा कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो पा रहा है। इससे अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उधर, शहर के लोग सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, नाली, नाले, पुलिया संबंधी कार्य को लेकर परेशान है और पार्षदों व निगम अधिकारियों से कार्य पूर्ण कराने जाने की अपील कर रहे हैं। जिस पर वह भी उन्हें जल्द कार्य पूर्ण होने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन लोगों की समस्या जस की तस बनी हुई है। अब समय से कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों पर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

नगर निगम के 15वें वित्त के अंतर्गत कई विकास कार्य शहर में कराए जा रहे हैं। लेकिन, वह समय से पूर्ण नहीं हो पाए हैं। जिस कारण उनकी वित्तीय स्वीकृति समाप्त हो जाती है और दोबारा स्वीकृति लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही बजट भी उपलब्ध नहीं हो पाता है। बताया कि इस योजना के अंतर्गत वर्तमान में 20 से 25 कार्य किए जा रहे हैं। जिनको करीब 10-12 ठेकेदारों को आवंटित किया गया है। साथ ही निगम के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों को समय से पूर्ण नहीं होने पर ऐसे ठेकेदारों को चिह्नित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। 
- ऊषा चौधरी, मेयर नगर निगम काशीपुर