सपा का आरोप- उप चुनाव में मंत्री आशीष पटेल कर रहे आचार संहिता का उल्लंघन
लखनऊ/अमृत विचार। समाजवादी पार्टी ने कहा कि मीरजापुर की छानबे सीट पर हो रहे उप चुनाव में मंत्री आशीष पटेल आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। वह सत्तापक्ष के प्रत्याशी को जिताने के लिए ग्राम प्रधानों को धमका रहे हैं। इस सिलसिले में सपा के पूर्व सांसद अरविंद सिंह की ओर से भारत निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र भेजा गया है।
भेजे गए पत्र में पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि मंत्री आशीष पटेल ने विकासखंड लालगंज के भाजपा मंडल अध्यक्ष रामबली गुप्ता के आवास पर प्रधानों को बुलाकर धमकाया और समाजवादी समर्थक प्रधानों के साथ गाली-गलौज भी की। आरोप है कि मंत्री ने प्रधानों से कहा कि अगर सपा समर्थक प्रधानों ने सत्तापक्ष के प्रत्याशी को वोट देने और दिलाने का काम नहीं किया तो वहां पतारकला के प्रधान अरविंद यादव की तरह उनके मकान भी गिरवा दिए जाएंगे।
साथ ही, प्रधानों के विरुद्ध मुकदमे कायम कराकर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री का यह आचरण उनके द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है, साथ ही सम्मानित प्रधानों को धमकाने जैसा कृत्य सरासर आचार संहिता का उल्लंघन व स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव को प्रभावित करने वाला और लोकतंत्र की हत्या करना है।
उन्होंने आयोग से तत्काल इसका संज्ञान लेकर मंत्री आशीष पटेल के विरुद्ध समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। मालूम हो कि प्रदेश में छानबे व रामपुर की स्वार सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में 10 मई को मतदान होना है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: घर में घुसकर किया दुष्कर्म का प्रयास, दांत से काटे महिला के होंठ, परिजनों का आरोप- 10 बकरियां भी लूट गये आरोपी
