प्रयागराज: निरंजन पुल के नीचे का रास्ता बंद, जाम से जूझ रहा पूरा शहर
100 दिन के लिए बन्द किया गया है रास्ता
प्रयागराज, अमृत विचार। निरंजन रेलवे ब्रिज के नीचे से होकर गुजरने वाली सड़क को रविवार की रात से 100 दिन के लिए बन्द कर दिया गया। रास्ता बंद होने के बाद पूरे शहर में भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गयी है। पूरा शहर जाम से परेशान है। सुबह से लगा जाम खत्म होने का नाम नही ले रहा है।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल का रेल ब्रिज संख्या 38 को निरंजन रेल अंडर ब्रिज के नाम से जाना जाता है। मौजूदा समय ब्रिज के ऊपर से पांच रेल लाइन है। एक और रेल ट्रैक बिछाने के बाद इसकी संख्या कुल छह हो जाएगी। दरअसल झूंसी से प्रयागराज जंक्शन तक रेल ट्रैक दोहरीकरण की वजह से ही निरंजन पुल पर एक और रेल ट्रैक बिछाया जाना है। इसको लेकर पिलर का निर्माण व आरसीसी के गार्डर लगाए जाएंगे। इस अवधि में अलग-अलग दिन कुछ घंटे के लिए ट्रेनों का भी आवागमन रोका जाएगा।
पुल का काम शुरू होने से मंगलवार की सुबह से ही छात्र-छात्राओं व आम लोग खुसरोबाग रेल ओवर ब्रिज, रामबाग ओवर ब्रिज या सीएमपी रेल अंडर ब्रिज वाले रास्ते से ही पुराने शहर से सिविल लाइंस और उसके आसपास के इलाकों में जा रहे है। लेकिन एक रास्ता बंद होने के कारण पूरा शहर जाम से जूझ रहा है। रामबाग, हाईकोर्ट, बैरहना के रास्तो पर सुबह से ही जाम लगा हुआ है। स्कूली बच्चे 12 बजे से ही जाम में फंसे है। उनको निकलने के लिए कोई रास्ता दिखाई नही दे रहा है। रास्ता बंद हो ने साथ नगर निगम की लापरवाही ने स्टेशन रोड पर एक गढ्ढा खुदवा दिया है । जिसके बाद स्टेशन रोड पर भी जाम लगा रहा। देर शाम तक इसी तरह से जाम की समस्या बना रहना तय है।
ये भी पढ़ें - UP Nikay Chunav 2023 : 13 मई को होगी काउंटिंग, जीत और हार पर लग रही बाजी
