Kanpur Dehat में अखिलेश यादव बोले- भाजपा का काम केवल तानाशाही करना, जातीय जनगणना से ही सबका साथ और सबका विकास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज।

कानपुर देहात में अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज। रसूलाबाद में चुनावी सभा को संबोधित के दौरान उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना से ही सबका साथ और सबका विकास। भाजपा का काम केवल तानाशाही करना है।

कानपुर देहात, अमृत विचार। जिस देश के प्रधानमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाई और सफाई कर्मियों के पर धोए। ऐसे देश के प्रदेश में बीजेपी वाले लूट मचाए हुए हैं। ऐसे लोगों की सफाई का काम समाजवादी पार्टी करेगी। प्रदेश सरकार में किसानों को भी ठगा जा रहा है।

किसानों को उनके गेहूं की फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। पूरा का पूरा गेहूं प्राइवेट हाथों में देकर अमीरों की जेब भरी जा रही है। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना कराना चाहती है। तभी सबका साथ और सबका विकास संभव होगा और तभी रामराज्य स्थापित होगा।

यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रसूलाबाद में जनसभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जब तक जातीय गणना नहीं होगी। तब तक समाजवाद नहीं होगा और जब तक समाजवाद नहीं होगा। तब तक रामराज्य भी नहीं होगा। उन्होंने कहा की वे अलीगढ़, मेरठ आदि सभी जगहों से होते हुए आए हैं।

इन चुनावों में सबसे ज्यादा मेयर सपा पार्टी जीतेगी। यह चुनाव 2024 के चुनावों की दिशा तय करेंगे और दिल्ली की सरकार में बदलाव होगा। इस सरकार में कुछ भी नया काम नहीं हुआ है। सपा ने पुलिस की सहायता के लिए हंड्रेड डायल की जो व्यवस्था की थी। वह बढ़ाकर यूपी 112 कर दी गई है।

पुलिस वालों का प्रमोशन कर दिया गया है। जिससे उनकी फीस भी बढ़ गई है। 108 एंबुलेंस की व्यवस्था भी समाजवादी पार्टी की देन थी। सपा सरकार में जो सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव थे और काम शुरू हो गया था। उन्हीं को आगे बढ़ाया गया है। भाजपा सरकार में कोई भी नया काम नहीं हो रहा है। यह सरकार झूठ फैला रही है लोगों के बीच में नफरत फैलाने का काम कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुविधा केवल खानापूर्ति तक रह गई है। महंगाई चरम पर है और विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। सरकार कहती है कि कोई टैक्स नहीं लगाया गया है। जबकि जनता टैक्सों के बोझ से दबी जा रही है। शहरों में कूड़े के ढेर हैं और नालियां बजबजा रही हैं। जब भी यह सवाल मुख्यमंत्री से किया जाता है तो केवल एक ही बात कहते हैं तमंचा।

जनसभा में महासचिव नीता सचान, हाजी फैजान खान, पुष्पेंद्र यादव, पूर्व विधायक कमलेश चंद्र दिवाकर, दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव, रामवृक्ष यादव, अशोक कटियार, पूर्व विधायक मिथलेश कटियार, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेश यादव, समरथ पाल, रामप्रकाश कुशवाहा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

पूर्व सीएम ने मड़ौली कांड पर कसा तंज

जनपद में द्वितीय चरण में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिवली में सभा की। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले डबल इंजन अब ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए। जबकि भाजपा का काम केवल तानाशाही करना है। उन्होंने मड़ौली कांड पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार में मां-बेटी को जिंदा जला दिया गया। जबकि अपराधी अभी भी जेल से बाहर हैं। सपा सरकार आने पर सारे अपराधी जेल जाएंगे। इस मौके पर पूर्व सांसद राजाराम पाल, इरफान अहमद, रामबाबू यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार