हल्द्वानी: जंगलात ने चीड़ डिपो में अवैध बने दो कमरे ढहाए
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग ने चीड़ डिपो में धार्मिक अवरचना के समीप बने दो पक्के कमरे ढहा दिए हैं। साथ ही डिपो परिसर में बने मंदिर और मजार को हटाने के लिए नोटिस चस्पा किए हैं। यदि नोटिस के बाद भी खुद अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो ध्वस्तीकरण होगा।
रामपुर रोड स्थित अरण्य भवन, चीड़ डिपो का इलाका तराई केंद्रीय वन डिवीजन की हल्द्वानी रेंज के अंतर्गत आता है। चीड़ डिपो में मंदिर और मजार बनी हुई है। मजार के समीप अवैध ढंग से दो पक्के कमरे बनाए गए थे। इधर वन भूमि से अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत हल्द्वानी रेंज ने इन पक्के कमरों को हटाने के लिए नोटिस चस्पा किए थे।
बाद में वन विभाग ने जेसीबी से दोनों पक्के कमरों को ढहा दिया है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय पुलिस फोर्स के साथ मौजूद थे। बाद में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मलबा उठवा कर निस्तारण कराया। वहीं, मंदिर और मजार पर खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस चस्पा किए हैं।
यदि निश्चित अविध में खुद ही इन निर्माणों को ध्वस्त नहीं किया जाता है तो वन, राजस्व, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम इन निर्माण को ढहा देगा। इस दौरान रेंजर यूसी आर्य, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, अशफाक अली आदि मौजूद थे।
करीब 40 साल पूर्व यह भूमि वन विकास निगम को दी गई थी। यहां मंदिर और मजार दोनों हैं। दोनों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए हैं। यदि खुद अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो वन विकास निगम कार्रवाई करेगा।
- शशिदेव, एसडीओ तराई केंद्रीय वन डिवीजन हल्द्वानी
