Karnataka Elections Result 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी जीत, बीजेपी का सफाया
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। शुरूआत में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। राज्य के 36 सेंटरों पर ये मतगणना हो रही है। बता दें एग्ज़िट पोल में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़े मुकाबले का पूर्वानुमान जताया गया है, जबकि जेडीएस हंग असेंबली की उम्मीद करती दिख रही है। मतगणना को लेकर राज्य के सभी मतगणना सेंटर पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
बता दें इस चुनाव में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दारामैया और डी के शिवकुमार के अलावा जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी का भविष्य तय होगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए पूरे कर्नाटक में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं। वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस को 80 और जनता दल-सेक्युलर को 37 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 38.04 प्रतिशत वोट मिले थे, इसके बाद भाजपा ने 36.22 फीसदी मत हासिल किये थे।
जनता दल सेक्युलर को 18.36 फीसदी मत मिले थे। भाजपा के सबसे ज्यादा सीटें जीतने के बाद पार्टी नेता बी एस येदुयुरप्पा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन विश्वास मत हासिल करने से पहले ही तीन दिनों के भीतर सरकार गिर गयी थी। सरकार बनाने के बावजूद भाजपा बहुमत का आंकड़ा जुटा पाने में असमर्थ रही थी। इसके बाद कांग्रेस-जनता दल सेक्युलर ने मिलकर कर्नाटक में सरकार बनायी थी और कुमारस्वामी राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। चौदह महीने के भीतर ही हालांकि यह सरकार भी गिर गयी थी क्योंकि कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर के 17 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था और सभी भाजपा में शामिल हो गये थे
- कर्नाटक विधानसभा चुनाव में दोपहर तीन बजे तक घोषित परिणामों में कांग्रेस ने 56 सीटें जीतने और 79 सीटों पर बढ़त बनाये रखने के साथ ही प्रदेश में अपनी सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त कर लिया है जबकि सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में 27 सीटें आयी है वहीं जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) 10 सीटों पर जीत हासिल की है।
- कांग्रेस ने मतगणना के प्रारंभिक दौर से ही अपनी बढ़त बनाये रही। चुनाव आयोग के मुताबिक तीन बजे तक की मतगणना में कांग्रेस 79 सीटाें पर बढ़त बनाये हुए है वहीं भाजपा 38 तथा जद-एस 10 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा दो क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवार दो सीटों पर आगे हैं।
- चुनाव आयोग के अब तक के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस 101 सीटों पर पर आगे है और 36 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। वहीं बीजेपी 45 सीटों पर आगे और 17 सीटों पर जीत चुकी है।
- इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के अनुसार, कांग्रेस 122 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं बीजेपी सिर्फ 71 सीटों पर आगे है। तो वहीं जेडीएस 24 सीटों पर आगे है। वोट शेयर में भी कांग्रेस ही आगे है। कांग्रेस को बीजेपी से सात फीसदी ज्यादा वोट शेयर मिला है।
- चिकमंगलुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि कांग्रेस के उम्मीदवार एच. डी. थमैय्या से 894 वोट से पीछे।
- चन्नापटना सीट से कुमारस्वामी आगे जनता दल (सेक्युलर) के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी चन्नापटना सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सी. पी. योगेश्वर से 93 मतों से आगे हैं।
- शिग्गांव में बोम्मई आगे कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शिग्गांव सीट पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (भाजपा) अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के पठाण यासिर अहमद खान से 6,236 मतों से आगे हैं।
- पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से पीछे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट से करीब 2,500 मतों से पीछे हैं। शेट्टर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे
- सभी सीटों के रुझान सामने आ गए हैं जिनमें कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है।
- एक बार फिर से कांग्रेस बीजेपी से आगे निकल गई है।
- रुझानों में बीजेपी ने सेंचुरी लगा दी है। वहीं कांग्रेस का आंकड़ा 100 के नीचे आ गया है।
PARTY WIN/LEADS
BJP 63
INC 137
JDS 20
OTH 04
