शाहजहांपुर नगर निगम में अर्चना वर्मा पहली महापौर निर्वाचित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

30,256 मतों से कांग्रेस की निकहत इकबाल को किया पराजित

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पहली बार हुए नगर निगम के चुनाव में भाजपा का कमल खिल गया। भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा ने 80,740 मत पाकर पहले महापौर बनने का गौरव हासिल किया। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की निकहत इकबाल को 50,484 मत मिले। इस तरह अर्चना वर्मा को 30,256 मतों से निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं 60 वार्डों में  जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम उमेश प्रताप सिंह ने वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की मौजूदगी में अर्चना वर्मा को विजयी होने का प्रमाण पत्र सौंपा।

नगर निगम चुनाव में महापौर पद के आठ प्रत्याशी मैदान में थे। विजेता और उपविजेता के अलावा सपा प्रत्याशी माला राठौर को 20,091, बसपा प्रत्याशी शगुफ्ता अंजुम को 5,515, आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सुमन वर्मा को 2,692, राष्ट्रीय समाज पक्ष प्रत्याशी मीरा देवी को 853, निर्दलीय प्रत्याशी जोहा इकबाल को 815 और निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता यादव को 503 वोट मिले। नगर निगम क्षेत्र में 60 वार्ड के पार्षद पदों के लिए 404 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें भाजपा के 41, कांग्रेस के तीन, बसपा और आप के एक-एक और 14 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित घोषित किए गए।

नगर पालिका व नगर पंचायतों में 
नगर पालिका तिलहर में सपा प्रत्याशी हाजरा बेगम, नगर पालिका जलालाबाद में सपा प्रत्याशी शकील अहमद, नगर पालिका पुवायां में भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता, नगर पंचायत कांट में कांग्रेस प्रत्याशी मुनारा बेगम, नगर पंचायत कलान में भाजपा प्रत्याशी हरीनारायण गुप्ता, नगर पंचायत अल्हागंज में भाजपा प्रत्याशी शिवानी वर्मा, नगर पंचायत कटरा में कांग्रेस प्रत्याशी मुख्त्यार अहमद, नगर पंचायत खुदागंज में भाजपा प्रत्याशी सुधा सिंह, नगर पंचायत निगोही में निर्दलीय सपा समर्थित प्रत्याशी मनोज वर्मा, नगर पंचायत बंडा में निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद इशहाक और नगर पंचायत खुटार में निर्दलीय प्रत्याशी मैना देवी निर्वाचित घोषित की गईं।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव रिजल्ट: शाहजहांपुर में दोपहर डेढ़ बजे तक देखें कौन आगे-कौन पीछे

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज