Kannauj: शहीद की अंतिम विदाई में नहीं पहुंचा कोई जनप्रतिनिधि, जम्मू के नागरौटा में तैनात जवान बर्फ में दबने से हुआ था घायल
जम्मू के नागरौट में तैनात जवान की बर्फ में दबने से मौत।
जम्मू के नागरौट में तैनात जवान की बर्फ में दबने से इलाज के दौरान मौत हो गई थी। कन्नौज जिले में शहीद का पार्थिव शरीर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
कन्नौज, अमृत विचार। जम्मू के नागरौटा में तैनात एक जवान गश्त के दौरान बर्फ फिसलने से हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। लंबे इलाज के बाद जवान जिंदगी की जंग हार गया। उसका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। यहां एसडीएम अशोक कुमार, सीओ दीपक दुबे की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई की गई। इस दौरान कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
थाना विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम जमामर्दपुर निवासी 35 वर्षीय राजकुमार यादव उर्फ रवि पुत्र हर्ष प्रकाश यादव 2011 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में राजकुमार जम्मू कश्मीर के नागरौटा में तैनात थे। एक वर्ष पूर्व गश्त के दौरान सीमा पर ग्लेशियर फटने से बर्फ में दब गए थे। दूसरे दिन गंभीर हालत में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिल्ली में इलाज चल रहा था।
सोमवार को जवान जिंदगी की जंग हार गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान शहीद के अंतिम दर्शन के लिए गांव में बहुत बड़ा हुजूम उमड़ पड़ा। सपा के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव के अलावा क्षेत्र के किसी भी जनप्रतिनिधि के पास शहीद की अंतिम विदाई में पहुंचने का समय नही था।
Kannauj News, Jammu Kashmir, Kannauj Today News
एसडीएम अशोक कुमार व सीओ दीपक दुबे की मौजूदगी में शहीद को मुखाग्नि उनके छोटे भाई शुभम ने दी। बताया जा रहा है कि राजकुमार की शादी औरैया जनपद की रानी यादव के साथ हुई थी। उनकी दो पुत्रियां वैष्णवी, अनिका हैं।
