सीतापुर में ट्रक से टकराई कार, वाराणसी जा रहे तीन युवक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर, अमृत विचार। लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे 24 पर एक कार ट्रक के सामने आकर टकरा गयी। बुधवार को हुई इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गये जबकि कार को बचाने के चक्कर में ट्रक भी पलट गया। दुर्घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 पर थाना रामकोट क्षेत्रान्तर्गत सीतापुर शहर की कांशीराम कालोनी के पास नवीन चौक पर बरेली से बनारस जा रही एक कार सामने से ट्रक में टकरा गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया| कार में चार लोग सवार होकर बरेली से वाया सीतापुर होते हुए बनारस तक जा रहे थे। कार में बरेली ग्रीन पार्क निवासी सौरभ पुत्र श्रीराम तथा भूपेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र पाल सिंह और करन सवार थे। दुर्घटना में कार में सवार दो लोग घायल हो गये, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। 

ट्रक चालक ने कार को बचाने के चक्कर में ट्रक को किनारे काटा जिससे ट्रक भी पलट गया। ट्रक पलटने से ट्रक का खलासी भी घायल हो गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वाहनों की टक्कर से नेशनल हाईवे पर जाम लग गया, पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को रास्ते से हटवाया तब जाकर जाम खुला। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है और तहरीर मिलते ही ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर चालक की तलाश की जाएगी।

ये भी पढ़ें -बाराबंकी : पूर्व चेयरमैन ने जबरन फोटो लेकर की थी वायरल, मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार