बांदा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- ग्राम प्रधान व सचिव जब गांव के लिये करेंगे काम, तभी होगा गांव का विकास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अविरल जल अभियान का किया शुभारंभ।

बांदा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अविरल जल अभियान का किया शुभारंभ। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान व सचिव जब गांव के लिये काम करेंगे। तभी गांव का विकास होगा।

बांदा, अमृत विचार। अविरल जल अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में प्रदेश सरकार के जलशक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और उसका हमारे जीवन में सबसे अधिक महत्व है। कहा कि जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा चलाया गया अभियान बहुत ही सराहनीय है, जिस पर सभी ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, जनप्रतिनिधियों के प्रबल सहयोग की आवश्यकता है। 

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि गांव का विकास तभी होगा, जब ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव गांव के लिए कार्य करेगें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन पर 60 नदियों को पुनर्जीवित करने का कार्य शासन द्वारा किया गया है, जो बहुत ही सफल रहा। बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रयासों से जल जीवन मिशन अन्तर्गत प्रदेश में 1 करोड़ 12 लाख लोगों को कनेक्शन दिया गया है, ताकि सभी को शुद्ध पेयजल मिल सके और लोग स्वस्थ्य रह सकें।

स्वतंत्र देव सिंह

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने अपना जीवन आपकी सेवा और सुरक्षा में लगा रखा है। करोड़ों घरों को शौचालय, पक्का आवास, गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन प्रदान किया गया है। कहा कि ग्राम प्रधान गांव की कार्ययोजना तैयार करें और जल बचाने का कार्य करें। सभी नदियों व नहरों के किनारे वृक्षारोपण किया जायेगा। केन-बेतवा गठजोड से पूरे 24 घंटे नहरों में पानी उपलब्ध होगा। कहा कि सभी लोग यह संकल्प लें कि वह प्रतिदिन एक लोटा पानी बचायेंगे। घर का पानी बर्बाद नहीं करेंगे। जल संचयन करेंगे।

जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि इस अविरल जल अभियान का कार्य जनपद में जिलाधिकारी के प्रयासों से चलाया जा रहा है, जो बहुत ही सराहनीय है। कार्यक्रम में सांसद महोबा-हमीरपुर-तिन्दवारी पुष्पेन्द्र सिंह चन्देल, सांसद बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, जलयोद्धा उमाशंकर पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, सभी ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार